शाहजहांपुर: पुलिस से हुई मुठभेड़ में इनामी बदमाश व सिपाही गोली से घायल, आरोपी से बरामद हुआ ये सामान...
शाहजहांपुर, अमृत विचार। गर्रा नदी किनारे चौक कोतवाली पुलिस की 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर बदमाश और एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया। हिस्ट्रीशीटर को पैर में और सिपाही को हाथ में गाली लगी। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश को दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। बदमाश के ऊपर 22 मुकदमें पहले से दर्ज हैं।
चौक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर को शुक्रवार की रात एक बजे सूचना मिली कि इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश सुवेग वर्मा निवासी अजीजगंज चौक कोतवाली गर्रा नदी के किनारे डेयरी वेस्ट प्रबंधन के पास छिपा है। पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी की तो बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा के उद्देश्य से फायरिंग की, जिसमें हिस्ट्रीशीटर बदमाश सुवेग वर्मा पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
जबकि सिपाही दीपेंद्र चौधरी के बाए हाथ में गोली लगी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाश को दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बोर का एक पिस्टल, पांच खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने घायल बदमाश व सिपाही को मेडिकल कालेज उपचार के लिए भेजा। हिस्ट्रीशीटर बदमाश सुवेग वर्मा पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह जिला बदर अपराधी था।
बदमाश के ऊपर विभिन्न धाराओं के 22 मुकदमें दर्ज हैं। वह सदर बाजार थाना क्षेत्र में दर्ज एक मुकदमे फरार चल रहा था। उसके खिलाफ 23 जुलाई को जिला को जिला बदर की कार्रवाई भी खत्म हो गयी थी। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश का चालान कर दिया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक रोहित कुमार, टीकम सिंह, अरविन्द कुमार, हेकां संजीव कुमार, सिपाही दीपेंद्र चौधरी, गौरव सिंह, आर्य त्यागी, मोहित कुमार थे।
हिस्ट्रीशीटर का फायरिंग का वीडियो हुआ था वायरल
हिस्ट्रीशीटर सुवेग वर्मा का तीन दिन पूर्व एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो वायरल में बदमाश अपने मोहल्ले अजीजगंज में गाली-गलौज करते हुए तमंचे से फायरिंग कर रहा था। हिस्ट्रीशीटर वीडियो में कहता सुनायी दे रहा था मैं सुवेग वर्मा हुं और जिला बदर रह चुका हुआ हूं। वीडियो वायरल होने पर एसपी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी।
सुवेग वर्मा समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज
चौक कोतवाली के उप निरीक्षक टीकम सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि सात अगस्त को हिस्ट्रीशीटर बदमाश सुवेग वर्मा अपने साथियों के साथ अजीजगंज में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की थी। जिसका वीडियो वायरल हुआ था। लोग दहशत के कारण उसका नाम नहीं लेते थे। वीडियो वायरल को लेकर सुवेग वर्मा, शिवम शंखवार निवासी मस्जिदगंज कोतवाली, सूरज वर्मा निवासी सुभाषनगर थाना सदर बाजार और सचिन रावत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गयी थी।
हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने के पुलिस टीम पहुंची थी। हिस्ट्रीशीटर ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस की तरफ से चलाई गई गोली से हिस्ट्रीशीटर बदमाश भी घायल हो गया। - अशोक कुमार, मीणा एसपी
यह भी पढ़ें- Kanpur: अवनीश दीक्षित के कलमबंद बयान की याचिका खारिज, इस दिन होगी रिमांड पर सुनवाई...
