Kanpur: भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने उठाई हिजाब मामले की जांच की मांग, साजिश की जताई आशंका
कानपुर, अमृत विचार। बिल्हौर इंटर कॉलेज में दो दिन पहले तीन मुस्लिम छात्राओं के हिजाब पहनकर पहुंचने का मामला भले ही शांत हो गया हो, लेकिन भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने इसके पीछे किसी साजिश की आशंका जताई है। शुक्रवार को जिला प्रशासन से इस घटना की गहराई से जांच कराने की मांग की।
कॉलेज में हिजाब पहनकर पहुंचने का मामला अब सियासी रंग ले रहा है। हालांकि गुरुवार को डीआईओएस के हस्तक्षेप और एसीपी की पहल के बाद विवाद शांत हो गया था। जो छात्राएं हिजाब पहनकर विद्यालय पहुंची थीं, उनके अभिभावकों को बुलाकर साफ कर दिया गया था कि विद्यालय में ड्रेस कोड पर ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। प्रबंधक, प्रधानाचार्य और एसीपी अजय कुमार त्रिवेदी ने सारी स्थितियां साफ कर दी थीं।
लेकिन शुक्रवार को भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर बयान जारी किया। ‘अमृत विचार’ से बातचीत में उन्होंने इस पूरे मामले को साजिश करार दिया और कहा कि अचानक तीन छात्राओं का हिजाब पहनकर विद्यालय पहुंचना निश्चित रूप से किसी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने जिला प्रशासन से जांच कमेटी गठित कर मामले की जांच की मांग की है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून व्यवस्था) हरीश चंदर ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
