Kanpur Dehat Accident: तेज रफ्तार ट्रैक्टर खंती में पलटने से चालक की मौत...साथी गंभीर, हादसे के बाद मची चीख-पुकार
रिश्तेदारी से घर लौटते समय देर रात सलेमपुर मोड़ के सामने हादसा
कानपुर देहात, अमृत विचार। बैना गांव जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया। जिससे ट्रैक्टर की स्टेयरिंग में दबने से चालक समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें पीएचसी भेजा। जहां डाॅक्टर ने चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सिकंदरा थानाक्षेत्र के निन्हौरा गांव निवासी चालक सौरभ (22) अपने पड़ोसी मोहित (29) के साथ शुक्रवार को ट्रैक्टर से सलेमपुर रिश्तेदारी में आया था। शुक्रवार रात करीब बारह बजे दोनों लोग वापस निन्हौरा गांव जा रहे थे। तभी सलेमपुर मोड़ के सामने तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया। हादसे में स्टेरिंग में दबकर ट्रैक्टर चालक सौरभ व मोहित दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से घायलों को राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने ट्रैक्टर चालक सौरभ को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहित का प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल अकबरपुर रेफर कर दिया गया। हादसे में मौत की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। राजपुर थानाध्यक्ष दिनेश गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गईं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
