कासगंज : प्रसूता की मौत के बाद हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का लगाया आरोप
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बच्चे को जन्म देने के बाद बिगड़ी थी प्रसूता की हालत
गंजडुंडवारा/कासगंज, अमृत विचार। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार की रात बच्चे को जन्म देने के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल आते समय प्रसूता ने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजनों ने चिकित्सक और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर शनिवार को हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जांच का भरोसा दिया है।
मामला गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव गजोरा से जुड़ा है। मोहित की 24 वर्षीय पत्नी ममता गर्भवती थीं। शुक्रवार की शाम को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा ले गए। जहां गर्भवती को भर्ती किया गया। देर रात प्रसूता ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। उसके बाद महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक और चिकित्सा कर्मी लापरवाह बने रहे। उन्होंने प्रसूता की सेहत पर ध्यान नहीं दिया। जब उसकी हालत अधिक बिगड़ गई, तो देर रात जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजन प्रसूता के शव को लेकर सीएचसी पहुंच गए। यहां शनिवार को उन्होंने जमकर हंगामा किया और लापरवाही का आरोप लगाया। अस्पताल कर्मियों ने उच्चधिकारियों को बताया कि महिला में खून की कमी थी। खूब बहने से उसकी हालत बिगड़ गई। इधर हंगामें की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। यहां परिजनों को समझाया, लेकिन परिजन लापरवाह चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
दरबाजा बंद कर भागे अस्पताल कर्मचारी
हंगामा होते देख अस्पताल कर्मचारी घबरा गए और दरवाजे बंद कर भाग गए। पूछताछ के लिए पुलिस को कोई चिकित्सा कर्मी नहीं मिला। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
प्रसूता की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश पनप गया। सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आक्रोशित परिजनों को समझा कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोई तहरीर नहीं मिली है। -प्रवेंद्र सिंह,प्रभारी गंजडुंडवारा कोतवाली।
खून की कमी थी, अधिक रक्तस्राव हो गया था। जिससे महिला की मौत हो गई। बच्चा स्वस्थ है। परिजन लिखित शिकायत करतें हैं, तो जांच कराई जाएगी। फिर भी विभागीय जांच शुरु कर दी गई। -डा.राजीव अग्रवाल, सीएमओ
