बरेली: थानों का ‘कबाड़’ होगा शहर से बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर के अधिकांश थानों में पुराने वाहन कबाड़ बन चुके हैं। इनकी वजह से थानों की सूरत बिगड़ रही है। जल्द ही शहर के सभी थानों का कबाड़ किसी एक ही स्थान पर रखा जाएगा। इसके तहत थानों में लंबे समय से मुकदमे से संबंधित पड़े वाहनों या फिर अन्य सामानों को …

बरेली, अमृत विचार। शहर के अधिकांश थानों में पुराने वाहन कबाड़ बन चुके हैं। इनकी वजह से थानों की सूरत बिगड़ रही है। जल्द ही शहर के सभी थानों का कबाड़ किसी एक ही स्थान पर रखा जाएगा। इसके तहत थानों में लंबे समय से मुकदमे से संबंधित पड़े वाहनों या फिर अन्य सामानों को रखा जाएगा।

इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। एसएसपी जल्द ही इसके लिए स्वालेनगर या अन्य किसी जगह पर जमीन देखने जाएंगे। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में इस तरह की जमीन तलाशने के भी निर्देश दिए हैं।

शहर के बारादरी थाना में निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान जब साफ-सफाई की गई तो थाना ऑफिस और एसएचओ ऑफिस के पीछे कई वाहन कबाड़ में पड़े मिले। इसके अलावा आवास की बिल्डिंग के साइड में भी इसी तरह से वाहन पड़े थे। थाना परिसर में सामने की तरफ भी कई वाहन खड़े हैं। बारादरी थाने की ही रुहेलखंड चौकी के बाहर भी यही हाल है। बारादरी के अलावा सुभाष नगर थाने में अंदर के अलावा बाहर भी वाहन पड़े हैं। इन पर तो पेड़-पौधे भी उग आए हैं। कोतवाली में भी एक के ऊपर एक वाहन रखे गए हैं।

इसके अलावा लगभग शहर के सभी थानों में यही तस्वीर नजर आती है। पहले तो थाना परिसर में वाहन खड़े किए जाते हैं और जब जगह नहीं बचती है तो थाने के बाहर खड़े कर दिए जाते हैं। कई बार तो थाने के बाहर खड़े वाहनों से सामान भी चोरी हो जाता है। कुछ दिनों पहले जब एडीजी ने कोतवाली थाना का निरीक्षण किया था तो अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से ही थानों से वाहनों को हटाने की तैयारी की जा रही है।

सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी निगरानी
एसएसपी के मुताबिक, जो वाहन सीज हुए हैं या लावारिस मिले हैं उन्हें नीलाम कराया जा रहा है। कई वाहन ऐसे हैं जो मुकदमे से संबंधित हैं। इन वाहनों को बिना कोर्ट की अनुमति के नहीं हटाया जा सकता है। ऐसे में इन वाहनों को सुरक्षित रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। यही वजह है कि इन वाहनों को अब एक ही स्थान पर रखने की तैयारी की जा रही है। यह समस्या महाराजगंज में भी थी जहां शहर के बाहर जमीन तलाश कर समस्या का समाधान किया गया था। अब बरेली में भी जमीन तलाशी जा रही है।

यह जमीन बिथरी चैनपुर, सीबीगंज, इज्जतनगर या किला थाना क्षेत्र में देखी जा रही है। किला के स्वालेनगर में जमीन बताई गई है। इसका भी जल्द निरीक्षण कर लिया जाएगा। इसके लिए करीब एक एकड़ से अधिक जमीन की जरूरत पड़ेगी। जमीन मिलने पर इसकी पिलर और कांटे के तारों से बाउंड्री करा दी जाएगी। उसके बाद अलग-अलग थानों की जगह चिह्नित कर दी जाएगी। संबंधित थानों में मुकदमों से संबंधित वाहन या अन्य सामान को यहां रखा जाएगा। वाहनों व सामानों की निगरानी के लिए पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा यहां एक सब इंस्पेक्टर के अंडर में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगायी जाएगी।

“शहर के थानों में पुराने वाहन पड़े हैं। इन सभी वाहनों को एक ही स्थान पर रखा जाएगा। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है।”
-रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार