बाराबंकी: दरियाबाद को मिला आदर्श नगर पंचायत का दर्जा, राज्यमंत्री सतीश शर्मा की मेहनत लाई रंग
बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पंचायत दरियाबाद के मोहल्लों को अब सड़क, नाली समेत कई मूलभूत समस्याओं से मुक्ति मिल जाएगी। क्योंकि दरियाबाद अब आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिल गया है। शासन ने खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा के प्रस्ताव पर नगर पंचायत दरियाबाद को पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना में शामिल कर लिया है। इसे लेकर शासन ने नगर पंचायत के विकास के लिए तीन करोड़ रुपए की धनराशि भी जारी करने का निर्देश दिया है।
दरअसल राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने दरियाबाद नगर पंचायत के क्षेत्र में सड़क, नाली समेत अन्य विकास के लिए शासन को प्रस्ताव भेजकर नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत घोषित किए जाने की मांग की गयी थी। शासन ने उनके प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए दरियाबाद नगर पंचायत को पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत चयनित कर लिया है। इसे लेकर तीन करोड़ रुपए दो किस्तों में जारी करने के निर्देश दिए हैं।
बाराबंकी के अपर जिलाधिकारी डॉ अरुण कुमार सिंह के मुताबिक शासन द्वारा जारी धनराशि से नगर पंचायत में विभिन्न प्रकार के विकास कार्य कराकर नगर पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराया जाएगा। नगर पंचायत के कई मोहल्ले में अभी भी सड़क, नाली व मार्ग प्रकाश की व्यवस्थाएं कम संशाधन के कारण नहीं हो सकी थीं। अब अधूरे पड़े विकास कार्य कराए जा सकेंगे।
वहीं नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत घोषित करने के लिए क्षेत्र के लोगों ने प्रदेश सरकार के साथ साथ राज्य मंत्री सतीश शर्मा का आभार जताया है। राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार में क्षेत्र का ज्यादा से ज्यादा विकास हो, यही उनकी प्राथमिकता है। जिससे क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: आपसी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में फैली सनसनी
