सीतापुर: ट्रैक्टर की चपेट में आए दो कांवड़िये घायल, लगाया जाम
महोली कोतवाली क्षेत्र में तकिया चौराहे का है मामला
सीतापुर। छोटी काशी गोला से जलाभिषेक कर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्राली सवार दो कांवड़िये तेज रफ्तार कार के अचानक सामने आ जाने के कारण अनियंत्रित वाहन से गिरकर टायर की चपेट में आकर घायल हो गए। नाराज कांवड़ियों ने कार सवार लोगों को पकड़ने की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर जाम कर दिया। एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान एसडीएम महोली और आसपास थानों की पुलिस मौजूद रही।
हरदोई जनपद के टढ़ियावां थानाक्षेत्र स्थित भारा चौराहा निवासी 50 वर्षीय घायल कांवड़िया दीपू और उदयराज ने बताया कि वो और उसके साथी जलाभिषेक कर ट्रैक्टर-ट्राली से लौट रहे थे। तभी तकिया चौराहे पर तेज रफ्तार कार अचानक सामने से आ गई। जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और वे लोग ट्राली के कुंडे से नीचे गिरकर पहिए की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए।
इसी बीच कार सवार चालक अपना वाहन लेकर फरार हो गए। बढ़ते हंगामें के बीच घायल कांवड़ियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली ले जाया गया। इसी बीच अन्य कांवड़ियों ने मुख्य मार्ग अवरुद्ध कर दिया। उप जिलाधिकारी अभिनव कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, कोतवाल विनोद मिश्रा और आसपास थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कांवड़ियों को समझाने में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को नोक-झोंक का सामना भी करना पड़ा। इंस्पेक्टर महोली विनोद मिश्रा ने बताया है कि जाम खुल गया है। कांवड़ियों की मांग पर कार सवार अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के सहारे वाहन और उसमें सवार लोगों की खोजबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-Adani Group की सभी कंपनियों के शेयर में गिरावट, Adani Energy का शेयर 17 प्रतिशत लुढ़का
