आगरा: सोल फैक्ट्री संचालक की गला रेतकर हत्या, साझेदारी का है विवाद...
सुबह फैक्ट्री में नौकर पहुंचे तो मालिक का शव देखकर हुए हैरान
आगरा, अमृत विचार। सिकंदरा थाना क्षेत्र की यूपीएसआईडीसी में सोल फैक्ट्री मालिक की हत्या का मामला सामने आया है। फैक्ट्री संचालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना का पता उस वक्त लगा जब फैक्ट्री में काम करने वाले कारीगर काम पर पहुंचे। अपने ऑफिस के अंदर मालिक संजीव गुप्ता का शव चारपाई पर पड़ा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को पता लगा कि उनका साझेदारी का विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि थाना सिकंदरा के यूपीएसआईडीसी में संजीव गुप्ता की सोल की फैक्ट्री है। पिछले दो-ढाई साल से एसबी पोलीमर्स नाम से फैक्ट्री चल रही थी। संजीव फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। शनिवार-रविवार ही अपने घर जाते थे। पूरा हफ्ता यहीं फैक्ट्री में ही रहते थे। रविवार रात किसी वजह से वे फैक्ट्री में ही रुक गए थे। सोमवार सुबह काम पर पहुंचे कारीगरों ने देखा कि वे अपने ऑफिस में मृत पड़े हैं। उनके गले पर एक इंच गहरा घाव है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है। परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। जानकारी होने पर आगरा फिरोजाबाद के एमएलसी भी पहुंच गए। उन्होंने डीसीपी सिटी से हत्याकांड के जल्द खुलासे की बात कही है।
