आशनाई में बाधक बनने पर की गयी थी जितेंद्र की हत्या: शराब पिलाने के बाद घोंटा था गला
जितेंद्र पासवान हत्याकांड : महिला ने पति व तीन अन्य लोगों के साथ दिया था वारदात को अंजाम, धानेपुर पुलिस ने दंपति समेत तीन लोगों को किया गिरफ्तार
गोंडा, अमृत विचार: धानेपुर थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव के रहने वाला जितेंद्र पासवान गांव की ही रहने वाली एक महिला के अवैध संबंधों में बाधक बन गया था। इस संबंध को लेकर वह अक्सर महिला और उसके प्रेमी का मखौल उड़ाता था। वह महिला के घर भी आने जाने लगा था। यह बात महिला और उसके प्रेमी को नागवार गुजर रही थी। महिला ने अपने प्रेमी संग मिलकर पहले अपने पति को भड़काया और फिर जितेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना तैयार की। 8 अगस्त को जब जितेंद्र घर से बाजार जाने के लिए निकला था तो रास्ते में महिला ने अपने पति व तीन अन्य लोगों के साथ पहले जितेंद्र को शराब पिलायी और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को गन्ने के खेत में फेंककर फरार हो गए थे। धानेपुर पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला व उसके पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के विशम्भरपुर गांव का रहने वाले कौशल की पत्नी पुष्पा का ख्वाजाजोत गांव के मजरे चकिया के रहने वाला शोभाराम मौर्या से अवैध संबंध था। इसकी जानकारी गांव के जितेंद्र पासवान को थी। वह गांव से आते जाते समय शोभाराम को इस संबंध की बात कहकर चिढ़ाता रहता था। इसी दौरान जितेंद्र कौशल चौहान के घर भी आने जाने लगा था। यह बात पुष्पा और उसके प्रेमी शोभाराम को खटक रही थी। पुष्पा अपने पति कौशल को जितेंद्र के खिलाफ भड़का रही थी। शोभाराम भी इसमे पुष्पा का साथ दे रहा था और जितेंद्र को रास्ते से हटाने की सोच रहा था। इसी दौरान तीनों ने मिलकर जितेंद्र को ठिकाने लगाने की योजना तैयार की। 8 अगस्त को जितेंद्र पासवान गांव से बाजार जाने के लिए साइकिल लेकर घर से निकला था। रास्ते में उसे शोभाराम, कौशल व पुष्पा मिल गए।
तीनों ने जितेंद्र को रोक लिया। इसी दौरान विशंभरपुर गांव का रहने वाला जनकराम भी मौके पर पहुंच गया। सभी लोग जितेंद्र को लेकर धानेपुर कस्बे के पीछे कमलेश नाई के सागौन के बाग में पहुंचे और फिर उसे शराब पिलायी। जब जितेंद्र पूरी तरह से नशे में हो गया तो आरोपियों ने उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपी जितेंद्र का शव बाग के बगल गन्ने के खेत नें फेंककर फरार हो गए थे। सीओ सदर शिल्पा वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को इल हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी कौशल चौहान, उसकी पत्नी पुष्पा व शोभा राम मौर्या को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस घटना का खुलासा किया और बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि जनकराम व एक अज्ञात की तलाश की जा रही है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में एसओ धानेपुर सुनील सिंह, उप निरीक्षक राजेश कनौजिया, नागेश्वर पटेल, हेड कांस्टेबल आनंद यादव, फहीमुद्दीन खान, अंबरीश मिश्रा, धर्मेंद्र यादव, महिला कांस्टेबल सुशीला देवी व नितांशी शुक्ला शामिल रहीं।
पिता ने थाने में दर्ज करायी थी गुमशुदगी
8 अगस्त को जब जितेंद्र पासवान लापता हुआ तो उसके परिवार वालों ने रात भर उसकी तलाश की। दूसरे दिन 9 अगस्त को पिता राधेश्याम ने इसकी जानकारी धानेपुर पुलिस को दी तो पुलिस ने तत्काल युवक की गुमसुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। 10 अगस्त की शाम को जितेंद्र का शव थाने से चंद कदम की दूरी पर कस्बे के पीछे स्थित एक गन्ने के खेत में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने राधेश्याम की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की।
यह भी पढ़ें- IAS Transfer: यूपी में शीर्ष आईएएस अफसरों के तबादले, नियुक्ति विभाग के प्रमुख सचिव बने एम देवराज
