करंट लगने से मजदूर पिता-पुत्र की मौत : चिनहट के अपट्रॉन चौकी क्षेत्र में हुआ हादसा, दूसरा बेटा घायल
झटका लगने से पानी से भरे 20 फीट के गड्ढे में गिर गए थे पिता-पुत्र
अमृत विचार, लखनऊ। चिनहट के नौबस्ता कला सूर्य विहार इलाके में सोमवार को करंट की चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौत हो गई। दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

पुलिस के मुताबिक बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मूल निवासी रामू साहनी (60) दो बेटों रंजीत (23), टिल्लू (18) और अन्य परिजन के साथ नौबस्ता कला के सूर्य विहार में झोपड़ी बनाकर रहते थे। तीनों पास ही मछली पालन करने वाले सजीवन के तालाब पर काम करते थे। आसपास मौजूद लोगों के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे सबमर्सिबल पंप में लाइट नहीं आ रही थी। रामू मीटर चेक करने पहुंचे थे। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। चीख सुन दोनों बेटे बचाने दौड़े। बचाने के प्रयास में बेटे भी करंट की चपेट में आ गए। तेज झटका लगने से रामू और टिल्लू पास में पानी से भरे 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरे। रंजीत छिटककर अलग गिरा।
चीख पुकार सुनकर झोपड़ी से परिजन दौड़े और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रामू और टिल्लू को गड्ढे से बाहर निकाला। तीनों को सिविल अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने रामू और टिल्लू को मृत घोषित कर दिया। रंजीत का इलाज शुरू कर दिया है। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे चिनहट पुलिस को घटना की मिली थी। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पिता के चालीसवें में लाउडस्पीकर लगा रहे बेटे की करंट से मौत
