कासगंज : अज्ञात वाहन ने तीन कांवड़ियों को रौंदा, एक की मौत
पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्ट, फिरोजाबाद से कांवड़ लेने आया था व्यक्ति
कासगंज,अमृत विचार। कासगंज कोतवाली क्षेत्र के एटा रोड पर सौरभ ढाबे के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर से कांवड़िये की मौत हुई है। कांवडिये की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम लिए भेजा है। फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
जिला फिरोजाबाद के थाना नरर्खी क्षेत्र के गांव नगला राधे निवासी 22 वर्षीय योगेश, 25 वर्षीय श्रीकृष्णा और 23 वर्षीय अनुज कांवड़ लेने लहरा गंगा घाट जा रहे थे। जब यह बाइक सवार कांवड़िये एटा रोड पर सौरभ ढाबे के समीप पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से योगेश और श्रीकृष्णा को आगरा रेफर कर दिया गया। जबकि अनुज को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। कांवड़िये की मौत से परिजनों का रो-रोक बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। सदर कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर के मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अलग अलग हादसों में कांवडिया घायल
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नदरई के समीप अज्ञात पिकअप की टक्कर से बाइक सवार कांवडिया जिला मैनपुरी के मुहल्ला शाक्यान निवासी धीरू और नितिन घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं फिरोजाबाद के गांव बहबलपुर निवासी बाइक सवार धर्मवीर सड़क हादसे में घायल हुए हैं। बाइक फिसलने से निधौली कला निवासी कांवड़िया रवि यादव और प्रदीप यादव सोरों कोतवाली के समीप घायल हुए हैं। वहीं कछला गंगा घाट पर गंगाजल लेने जा रहे एटा के गांव सोकरा निवासी बंटू शाक्य घायल हुए हैं। गोरहा बाइपास पर बाइक फिसलने से कांवड़िया मैनपुरी के गांव नगला बनवारी निवासी अनिल यादव घायल हुए हैं। इसके अलावा जिला अलीगढ़ के गांव नगला तलब निवासी कांवड़िया बाइक सवार रमेश अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए हैं। सभी का उपचार जिला अस्पताल में हुआ है।
