ढहने के मुहाने पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय का भवन : दूसरे कमरों में दी जा रही नौनिहालों को शिक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कई बार पत्र के बाद भी नींद से नहीं जाग रहे अफसर

सतरिख/ बाराबंकी, अमृत विचार। पूर्व माध्यमिक विद्यालय का भवन कभी भी ढह सकता है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर उनको इन कमरों में बैठाना बंद कर दिया गया है। लगातार अफसरों को पत्र लिखने के बाद भी किसी के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

विकास खंड हरख के शरीफाबाद गांव में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में करीब 176 छात्र-छात्राओं के नाम पंजीकृत हैं। पानी निकासी के लिए विद्यालय भवन के पास से होकर एक नाला बना था। पिछले वर्ष हुई मूसलाधार बारिश के कारण नाले में अत्यधिक पानी का बहाव होने के कारण विद्यालय भवन के पास दीवारों के पीछे की मिट्टी पानी में बह गई थी। इस वर्ष दो दिन पहले बारिश हुई तो थोड़ी बहुत मिट्टी जो बची थी वह भी बह गई। ऐसे में अफसरों के द्वारा यदि सही समय पर ध्यान नहीं दिया गया तो यहां कभी भी हादसा हो सकता है।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार अस्थाना का कहना है कि विद्यालय का भवन नाले के तट पर स्थिति है। मिट्टी बह जाने से तीन कमरों की दीवारों और छतों में दरारें आ गई हैं। अनहोनी की आशंका होने के कारण बच्चों को कमरों से दूर एक बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हालात ऐसे हैं कि विद्यालय का भवन कभी भी ढह सकता है। इसके लिए बीडीओ तथा बीईओ को पत्र भी लिखे जा चुके हैं। करीब चार माह पहले पूर्व बीडीओ के द्वारा जांच भी की गई थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। बीईओ हरख अर्चना यादव का कहना है कि मामला जानकारी में है। अफसरों को कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं। बीडीओ प्रीति वर्मा ने बताया कि विद्यालय भवन के निकट मिट्टी बह जाने की जानकारी नहीं है। मामला विद्यालय भवन से जुड़ा हुआ है। इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें-  IAS Transfer: यूपी में शीर्ष आईएएस अफसरों के तबादले, नियुक्ति विभाग के प्रमुख सचिव बने एम देवराज

संबंधित समाचार