बिजली का तार गिरने से किसान की मौत, घर के फुंके उपकरण
सोमवार तड़के घर पर चारपाई पर सो रहा था किसान
बदायूं, अमृत विचार : कोतवाली दातागंज क्षेत्र के गांव भटौली में बिजली का तार टूटकर किसान के ऊपर गिर गया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हाई वोल्टेज की वजह से गांवों के घरों के इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए। बिजली की केबिल जल गईं। परिजनों ने उपकेंद्र को फोन करके सूचित किया और बिजली सप्लाई बंद कराई। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।
गांव भटौली निवासी प्रवेश (35) पुत्र नेतराम खेती करते परिवार का पालन पोषण करते थे। सोमवार तड़के वह घर पर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान हाई वोल्टेज आ गई। जिसके चलते घर का बिजली का तार टूटकर चारपाई पर सो रहे किसान पर गिर गया।
किसान चिल्लाए, परिजन दौड़कर पहुंचे लेकिन तब तक किसान ने दम तोड़ दिया था। परिजनों ने उपकेंद्र पर फोन करके बिजली की सप्लाई बंद कराई। किसान के ऊपर से बिजली का तार हटाया। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मच गया।
यह भी पढ़ें- पिता के चालीसवें में लाउडस्पीकर लगा रहे बेटे की करंट से मौत
