दोगुना करने का लालच देकर रेलवे कर्मचारी से 1.27 करोड़ रुपये ठगे
यूट्यूब चैनल पर शेयर मार्केट से संबंधित वीडियो देख शेयरों में लगाया पैसा, पीड़ित ने आरोपी युवती के खिलाफ साइबर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार : युवती ने खुद को सेबी का एडवाइजर बताकर रेलवे कर्मचारी से फोन पर बातचीत कर उसे झांसे में ले लिया। इसके बाद आरोपी ने रेलवे कर्मचारी से शेयर मार्केट में निवेश कराने के नाम पर एक करोड़ 27 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस बीच युवती ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित रेलवे कर्मी ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना मझोला क्षेत्र के इंद्रा आवास मिलन विहार निवासी गिरीश लाल शाह रेलवे में वरिष्ठ तकनीशियन हैं। उन्होंने बताया कि 16 जून को वह यूट्यूब चैनल पर शेयर मार्केट से संबंधित वीडियो देख रहे थे। इसी बीच एक वीडियो पर दिए लिंक पर क्लिक करने पर व्हाट्सएप नंबर पर चैटिंग शुरू हो गई। चैट करने वाली युवती ने बताया कि उसका नाम दीपिका बुंदेला है। वह सेबी एडवाइजर है। युवती ने गिरीश से शेयर मार्केट में पैसा लगाने के लिए कहा, लेकिन शुरुआत में उन्होंने मना कर दिया। कुछ दिन बाद युवती ने व्हाट्सएप कॉल कर संपर्क किया और गिरीश को बताया कि हमारे बताए शेयर खरीदोगे तो बहुत मुनाफा होगा।
उसकी बातों में आकर गिरीश ने एग्रो एप पर शेयर खरीद लिए। जिससे गिरीश को मुनाफा हुआ। जिसके बाद आरोपी युवती ने गिरीश को एक बेवसाइट लिंक भेज दिया। इस पर निवेश करने पर रकम दोगुना होने का लालच दिया। इस लालच में रेलवे कर्मी गिरीश युवती के झांसे में आ गए। उन्होंने अलग- अलग तारीख में अपने, पत्नी, बेटी, पिता, बहन और अन्य लोगों के खाते से एक करोड़ 27 लाख, 30 हजार, 97 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने रकम वापस निकालने का प्रयास किया तो असफल रहे। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि साइबर ठगी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर साइबर अपराध थाने की पुलिस से जांच पड़ताल कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें- हौसला रखिये, हिम्मत न हारिये : ऑटिज़्म अभिशाप नहीं, बेहद खास है आपका बच्चा
