Auraiya: पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़...एक के पैर में लगी गोली, पांच आरोपी गिरफ्तार, शराब पीने की लत ने बना दिया लुटेरा
पुलिस मुठभेड़ में लूट के पांच आरोपी गिरफ्तार
औरैया, अमृत विचार। बेला थाना, एसओजी व बिधूना कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह डहरियापुर रोड के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध लगने पर दो बाइकों पर सवार पांच युवकों को रुकने का इशारा किया।
अचानक पुलिस को सामने देख बाइक सवार वहां से भागने लगे। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। जिस पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली जा लगी। जिससे वह घायल हो गया।
इसी बीच पुलिस टीम ने घेराबंदी करके भाग रहे पांच बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती करवाया। जहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया।
एसपी चारू निगम ने बताया कि लूट के मामले में पुलिस को आरोपियों की काफी दिनों से तलाश थी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। तभी बुधवार तड़के सुबह चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को सफलता हाथ लगी है। गिरफ्तार पांच आरोपियों में एक आरोपी को पुलिस द्वारा बचाव में की गई फायरिंग में पैर में गोली लगी है। घायल हुए आरोपी ने अपना नाम आशीष पाल कस्बा सहार बताया है।
इसके अलावा बिधूना निवासी यश उर्फ गोलू एवं शिवा, विराट व चंदन को भी गिरफ्तार किया गया है। एसपी चारू निगम ने बताया की यह सभी लोग 19 से 20 साल के है और शराब पीने के शौक के लिए छोटी मोटी लूट की घटनाओं को अंजाम देते है। इन लोगों ने तीन घटनाएं कन्नौज में व दो दो घटनाएं कानपुर देहात और औरैया में करना कबूल की है। तलाशी में नगदी भी बरामद की है।
