लखीमपुर खीरी: वीडियो में पुलिस वाला छात्र पर बरसा रहा थप्पड़...मगर कार्रवाई से बच रहे अफसर
आरोपी दीवान पर कार्रवाई करने से बच रही पुलिस
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सड़क से सरेराह छात्र की पिटाई करते पुलिस चौकी ले जाने और वहां भी दे दनादन थप्पड़ मारने वाले आरोपी दीवान पर कार्रवाई करने से पुलिस के अफसर बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि छात्र हंगामा कर रहा था। उसे बुलाकर पास की चौकी पर ले जाया गया और परिवार वालों को बुलाकर उसे उनके साथ भेजकर विवाद का शांत कराया गया। पुलिस के मुताबिक छात्र के साथ कोई मारपीट नहीं हुई, जबकि वीडियो में दीवान उस पर सड़क से लेकर चौकी कैंपस के अंदर तक थप्पड़ बरसा रहा है। इससे अफसरों की भूमिका पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
पूरा मामला मंगलवार को थाना पढुआ की पुलिस चौकी ढखेरवा का बताया जा रहा है। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि चौकी का दीवान वीरपाल एक छात्र को सड़क से खींचकर थप्पड़ मारते चौकी के अंदर ले जाता है और चौकी में भी एक के बाद एक कई थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। एसपी ने वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच सीओ निघासन को सौंपी थी। देर रात मीडिया सेल की तरफ से बयान आया, जिसे पढ़कर लोग हैरत में पड़ गए। पुलिस के मुताबिक बस से साइड से निकालने के दौरान छात्र के कपड़ों पर कीचड़ पड़ गया था। इस पर छात्र अपने चार-पांच लोगों के साथ पुलिस चौकी के पास बस के चालक से विवाद करने लगा था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन छात्र ने साथियों के साथ काफी उग्रता की। शांति व्यवस्था बनी रहे। इसके लिए पुलिसकर्मी छात्र को पुलिस चौकी बुलाकर ले गया। छात्र के परिजनों को बुलाकर उसे उनके साथ भेजते हुए विवाद को शांत कराया गया।
मारपीट किए जाने के आरोपों की जांच सीओ निघासन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि वीडियो में छात्र पर थप्पड़ बरसाते दीवान साफतौर पर दिख रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे में पिटाई करने की बात अफसर क्यों स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। सीओ निघासन प्रवीण कुमार ने बताया कि जल्द ही जांच पूरी कर वह अपनी रिपोर्ट एसपी को सौंपेंगे।
