बाराबंकी : भारत विभाजन के लिए कांग्रेस और मुस्लिम लीग दोनों जिम्मेदार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी हथियाने के लिए कांग्रेस ने देश का विभाजन स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि अखंड भारत के विभाजन के लिए जितना कांग्रेस जिम्मेदार थी, उतना ही जिन्ना के नेतृत्व वाली मुस्लिम लीग भी जिम्मेदार थी। दोनों के अपने स्वार्थ एवं अहंकार के चलते लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। करोड़ों बेघर और विस्थापित हुए।

क्षेत्रीय प्रभारी बुधवार को स्थानीय नगर पालिका सभागार में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि  विभाजन विभीषिका मानव इतिहास की सबसे बड़ी  त्रासदी है, जिसके घाव बहुत गहरे हैं। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी ने मां भारती के भूगोल को तो बदला ही, साथ ही समाज और संस्कृति पर भी कुठाराघात किया। भारतीयों  के लिए  यह समय आत्म चिंतन के आह्वान और इतिहास बोध जागृत करने का भी है।उन्होंने कहा कि देश विभाजन का वीर सावरकर जैसे अनेकों राष्ट्रवादियों ने पुरजोर विरोध किया था। मगर किसी की एक न सुनी गई। संजय राय ने बताया कि कांग्रेस की गलत नीतियों के विरोध में देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के संकल्प के साथ डॉ. हेडगेवार ने 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की।

अंग्रेजों की भांति कांग्रेस भी देश में फूट डालो और राज करो की नीति पर चल रही है। विपक्ष को तुष्टिकरण एवं देश को जातियों में बाटने  का जिम्मेदार बताया। वहीं राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि कोई भी समाज और देश इस प्रकार की त्रासदी को कैसे भूल सकता है। इस त्रासदी के दौरान अपना बलिदान देने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला प्रभारी अवनीश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विभाजन विभीषिका दिवस मनाए जाने का मकसद युवा पीढ़ी को देश को एकजुट रखने की जिम्मेदारी का बोध भी कराना है कि वीर सावरकर जैसे अनेक राष्ट्रवादियों ने बटवारे का पुरजोर विरोध किया था। उन्होंने युवाओं को देश की एकता के लिए प्रेरित भी किया। जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य ने अतिथियों का स्वागत किया।  संचालन संदीप गुप्ता ने किया। इस अवसर जिला प्रभारी अवनीश सिंह, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक दिनेश रावत, बैजनाथ रावत, अवधेश श्रीवास्तव, संतोष सिंह, हरगोविंद सिंह, रामबाबू द्विवेदी, गुरुशरण लोधी, विजय आनंद बाजपेई, प्रमोद तिवारी, अनूप यादव, रचना श्रीवास्तव, नवीन राठौर और रोहित सिंह मौजूद रहे।

100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का किया लोकार्पण

संगोष्ठी से पूर्व जेब्रा पार्क में एमएलसी अवनीश सिंह पटेल की विधायक निधि से निर्मित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय ने किया। स्थानीय नगर पालिका सभागार में विभाजन की त्रासदी को दर्शाती प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी को देख लोग भावुक हो गए। संगोष्ठी के उपरांत भाजपाइयों ने नगर पालिका से छाया चौराहा तक मौन जुलूस निकाल कर लाखों अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़ें- दो घंटे की बारिश से ब्लॉक समेत कई कार्यालय परिसर डूबे :पानी के बीच आते-जाते दिखे मरीज व फरियादी

संबंधित समाचार