Etawah: ग्रामीणों ने बदमाशों के चंगुल से बच्चे को छुड़ाया, 2 अपहरणकर्ता गिरफ्तार, एक फरार
इटावा, अमृत विचार। फिरौती के लिए मासूम का अपहरण कर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बच्चे को सकुशल छुड़ा लिया और दो अपहरणकर्ताओं को पुलिस के हवाले कर दिया। एक बदमाश ऑटो लेकर फरार हो गया। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
बुधवार सुबह सात बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नगला निगोली निवासी भूरे का पुत्र मयंक ऊर्फ कृष्णा स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में ऑटो सवार तीन बदमाशों ने पकड़कर ऑटो में बैठा लिया। बच्चे की चीखपुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और बच्चे को बदमाशों के चंगुल से बचाया।
एक बदमाश ऑटो लेकर भागने में कामयाब रहा, जबकि दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह और उनकी टीम ने अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने बताया कि वह फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण कर रहे थे। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी यशवंत सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का नाम मनीष और अभिषेक हैं।
यह भी पढ़ें- Auraiya: किशोरी से बलात्कार के दोषी को आजीवन कारावास, इतने रुपये का लगा जुर्माना...
