लखीमपुर खीरी: जिले भर में शान से लहराया तिरंगा, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। स्वतंत्रता दिवस गुरुवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्कूल, कालेजों और समाजसेवी संस्थाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। स्मारक भी रोशनी से जगमगा उठे। स्कूल, कॉलेजों में ध्वजारोहण के साथ साथ सांस्कृति एवं देश भक्ति कार्यक्रम किए गए। सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों पर भी ध्वजारोहण हुआ और प्रभात फेरी निकाली गई। कलेक्ट्रेट में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने ध्वजारोहण किया। पुलिस लाइन में राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने पुलिस कर्मियों को संविधान के प्रति सच्ची श्रृद्धा व निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।
एसपी ने 78 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुलिस लाइन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। आजादी दिलाने वाले अपने पूर्वजों को याद किया और जन सेवा का संकल्प लिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशंसा चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया। एसपी ने कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहूति देने वाले पुलिस कर्मियों के परिजनों से मुलाकात की। शहीद पुलिस कर्मियों की गौरव गाथा का वर्णन किया। शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रितों को अंगवस्त्र भेट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा को सलामी लेने के दौरान पीएसी बैंड ने राष्ट्रीय धुन बजाई और सभी पुलिस कर्मियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगान किया। एसपी ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में अपने पूर्वजों की अथक मेहनत, संघर्ष, कर्तव्य और बलिदान को याद किया। आज जो हमारा वर्तमान है वो हमारे पूर्वजों का सपना था कि हम खुली हवा में आजादी से जीवन जीने और निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए 67 पुलिस कर्मी हुए सम्मानित
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 67 पुलिसकर्मीयों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्वारा दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 01, गृह मंत्रालय ने अति उत्कृष्ट कार्यों के लिए 08, पुलिस महानिदेशक अग्निशमन व आपात सेवा उप्र लखनऊ द्वारा 05, पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परीक्षेत्र ने स्वाट टीम के 03, अपर पुलिस महानिदेशक आईटेक्स/यूपी-112 ने 09 और सराहनीय कार्य करने वाले 41 पुलिस अधिकार व कर्मचारियों को प्रशंसा चिन्ह, पदक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जेल अधीक्षक पीड़ी सलोनिया ने जिला कारागार पर तिरंगा फहराया।
जेल की सलाखों से आजाद हुए चार कैदी
सजा पूरी होने के बाद भी जुर्माना जमा न कर पाने वाले चार कैदियों की मदद में जेल अफसरों के प्रयास पर रोटरी क्लब सामने आया। उसने 26100 रुपए जुर्माना जमा किया। इसके बाद गुरुवार की सुबह सभी को जिला कारागार से रिहा कर दिया। जेल अधीक्षक पीड़ी सलोनिया के निर्देश पर जेलर हरबंस कुमार पांडेय के प्रयासों से रोटरी क्लब व आल इंडिया पयाम ए इंसानियत लखनऊ ने सभी के जुर्माने की राशि जमा की। इसके बाद गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस पर चारों कैदियों को जेल से रिहा कर दिया। जेल अधीक्षक ने सभी को गलत कामों से दूर रहने की हिदायत दी।
