बरेली : महिलाओं से दरिंदगी पर सख्त कार्रवाई करें सरकारें: अदनान मियां

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पश्चिम बंगाल और बिहार में दरिंदगी की घटनाओं पर बोले आरएसी प्रमुख

बरेली, अमृत विचार। नबीरा-ए-आला हजरत व ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी (आरएसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा कादरी ने कोलकाता में महिला डॉक्टर, बिहार की दलित बेटी, उत्तराखण्ड की नर्स से दरिंदगी समेत देश भर में ऐसे सभी मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुल्क भर में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। केंद्र सहित सभी प्रदेशों की हुकूमतों को चाहिए कि इस ओर खास ध्यान दिया जाए।

मौलाना अदनान रजा कादरी ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध की घटनाओं को गंभीरता से लेने की जरूरत है। सिर्फ एक मामले में सख्ती दिखाने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की जांच के लिए पुलिस के पास विशेष दस्ता होना चाहिए ताकि किसी भी मजलूम के साथ नाइंसाफी न हो सके। नबीरा-ए-आला हजरत ने कहा कि 2012 में जब निर्भया कांड हुआ था तब हर साल मुल्क भर में दरिंदगी की 25 हजार से ज्यादा घटनाएं होती थीं। कोविड का दौर छोड़ दें तो उसके बाद से यह आंकड़ा हर साल 30 हजार से ज्यादा ही रहा है। साल 2022 में तो यह आंकड़ा 31 हजार को भी पार कर गया। नबीरा-ए-आला हजरत ने कहा कि सजा न होना इन घटनाओं के बढ़ने की सबसे बड़ी वजह है। उन्होंने कहा कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं कि 2018 से 2022 तक दरिंदगी के 27 से 28 फीसदी मामलों में ही सजा हो सकी।महिलाओं की सुरक्षा पर सिर्फ भाषण देने के बजाय बुनियादी काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी मांग करती है कि कानून को सख्ती से लागू भी किया जाए ताकि सही मायने में सुरक्षा का माहौल कायम हो।

संबंधित समाचार