गोंडा: स्वतंत्रता दिवस समारोह में छात्रों ने लगाया देशविरोधी नारा, विरोध पर छात्रा को जड़ा थप्पड़
उमरीबेगमगंज/गोंडा, अमृत विचार। उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में देश विरोधी नारेबाजी की। स्कूल की एक छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे थप्पड़ मारा और उसका दुप्पटा खींचकर छेड़खानी की। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और उनकी तलाश कर रही है।
उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा बगल के ही एक इंटर कालेज में पढ़ती है। इसी थाना क्षेत्र के बरौली गांव के रहने वाले सोहेल अहमद तथा मोहम्मद शब्बीर उर्फ कुटी भी इसी स्कूल में पढ़ते हैं। छात्रा का आरोप है कि बृहस्पतिवार को ध्वजारोहण समारोह के बाद छात्र सोहेल ने देश विरोधी नारेबाजी की।
इस पर छात्रा ने एतराज जताया तो आरोपी व उसके सहयोगी छात्र मोहम्मद शब्बीर ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। आरोपियों ने उसका दुपट्टा पकड़कर खींचा और उससे छेडछाड़ की। प्रभारी निरीक्षक उमरीबेगमगंज नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-मायावती का ऐलान- जम्मू-कश्मीर में बसपा अकेले लड़ेगी विधानसभा चुनाव
