कासगंज : बाइकों की अमाने सामने की भिड़ंत में शिक्षामित्र की मौत, 6 माह का मासूम गंभीर
भाभी को स्कूल छोड़ने कस्बे में ही जा रहा था शिक्षामित्र
सोरों/कासगंज, अमृत विचार। सोरों कोतवाली क्षेत्र में बालाजी इंडैन गैस कंपनी के निकट दो बाइकों की हुई आमने सामने की भिड़ंत में शिक्षामित्र की मौत हो गई। दूसरी बाइक सवार दंपती और छह माह का मासूम गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायलों को जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया है। पुलिस ने शिक्षामित्र के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बा के कछला गेट निवासी 45 वर्षीय शिक्षामित्र विकास विक्रम सिंह बसंतनगर के प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं। शनिवार की सुबह वह अपने छोटे भाई विशाल विक्रम सिंह की पत्नी ममता जो कि कमला इंटर कॉलेज में शिक्षका हैं उन्हें छोड़ने विद्यालय जा रहा था। जब वह बालाजी इंडैन गैस के समीप उनकी बाइक की एक अन्य बाइक से भिड़ंत हो गई। जिससे शिक्षामित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बाइक पर बैठी ममता भी चोटिल हुई हैं। घायल शिक्षामित्र को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उसे अलीगढ़ रेफर किया गया। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना में दूसरी बाइक सवार बदायूं निवासी सलमान उनकी पत्नी फरहन परवीन और छह माह की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर भोजराज अवस्थी का कहना है कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
