Sabarmati Express Derail: साबरमती एक्सप्रेस में सेंट्रल स्टेशन पर सवार हुए थे 104 यात्री...1700 यात्रियों को मेमू-बस से पहुंचाया सेंट्रल
रात दो बजे सेंट्रल स्टेशन से रवाना हुई थी साबरमती एक्सप्रेस
कानपुर, अमृत विचार। साबरमती एक्सप्रेस में सवार 1700 यात्रियों को आधे घंटे बाद रेलवे की मदद मिली। कोचों में फंसे यात्रियों को निकालकर मेमू और बसों से सेंट्रल स्टेशन पहुंचाया गया। जहां चाय-नाश्ता के बाद 8:02 बजे इटावा- भिंड होते वाया ग्वालियर अहमदाबाद के लिए स्पेशल ट्रेने से रवाना किया गया।
साबरमती एक्सप्रेस रात 1.53 बजे सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म चार पर पहुंची तो ट्रेन का इंतजार कर रहे 104 यात्री सवार हुए। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन 1.59 बजे रवाना हुई। इससे ठीक आधे घंटे बाद एक्सप्रेस के बेपटरी होने की सूचना रेलवे अधिकारियों को मिली। इस पर रेलवे सुरक्षा बल व वाणिज्य टीम मौके पर रवाना हुई। घबराए यात्रियों को कोचों से बाहर निकालकर तसल्ली दी।
यात्रियों के लिए पानी की व्यवस्था करने के बाद उन्हें स्टेशन पहुंचाने के लिए मेमू व बसों की व्यवस्था हुई। आरपीएफ व वाणिज्य टीम ने करीब 500 यात्रियों को बसों से सेंट्रल स्टेशन पहुंचाया। एसीएम संतोष त्रिपाठी ने बताया कि कुल 1700 को मेमू व बस से स्टेशन पहुंचाया गया है। जिसमें 104 यात्री सेंट्रल स्टेशन से ही एक्सप्रेस में सवार हुए थे। स्टेशन पर घबराए यात्रियों का चेकअप कर दवाएं भी दी गई।
चाय-नाश्ता कराने के बाद अहमदाबाद के लिए 22 कोच की स्पेशल ट्रेन तैयार कराकर यात्रियों को 8:02 बजे इटावा-भिंड वाया ग्वालियर प्लेटफार्म दो से रवाना की गई। यात्रियों के लिए इटावा स्टेशन पर भी चाय-नाश्ता की व्यवस्था कराई गई। एसीएम के अनुसार स्पेशल ट्रेन में 5 सामान्य, 8 स्लीपर, 8 थर्ड एसी और एक सेकेंड एसी कोच थे।
