मां बोली- आंखों के सामने चली गई मेरी बेटी..., हनीमून के बाद ही सिपाही सर्वेश और मीरा में होने लगा था झगड़ा, जानें पूरा मामला
कृष्णानगर के गीतापल्ली में पत्नी की हत्या के बाद सिपाही ने खुद को गोली से उड़ाने का मामला
लखनऊ, अमृत विचार। कृष्णानगर के गीतापल्ली (हसनापुर) में सिपाही सर्वेश रावत ने शुक्रवार रात को पत्नी मीरा की हत्या कर खुद को गोली से उड़ा लिया था। दोनों के शव का पोस्टमार्टम शनिवार देर शाम को हुआ। इसके बाद शव को परिजन को सुपुर्द कर दिया। सर्वेश के परिजन दोनों शव को कल्ली पश्चिम लेकर पहुंचे। जहां अंतिम संस्कार किया गया।पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों के बीच शादी के कुछ दिन बाद हनीमून के दौरान ही विवाद शुरू हो गया था।
मां सरस्वती ने बताया कि मीरा जीपीओ में क्लर्क थी। पांच साल पहले सर्वेश से शादी की थी। जिसके बाद से ही बेटी काफी परेशान रहने लगी थी। पीजीआई कोतवाली में मीरा ने पति के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया था। वर्ष 2022 में सर्वेश ने सुलह करते हुए दोबारा से मारपीट नहीं करने की बात कही थी। लेकिन कुछ दिन बाद ही उसका व्यवहार पहले जैसे हो गया था।
सरस्वती के मुताबिक 13 अगस्त को सर्वेश के कल्ली पश्चिम स्थित घर पर रुद्राभिषेक हुआ था। चार दिन बाद ही सर्वेश ने ऐसा कदम उठा लिया। सरस्वती ने बताया कि वह पहली मंजिल पर ही थी। तभी सर्वेश ने मीरा को गोली मार दी। आंखों के सामने मेरी बेटी चली गई। मैं कुछ न कर पाई। शनिवार को सर्वेश और मीरा के शव का पोस्टमार्टम हुआ। जिसमें पता चला कि सिपाही ने पिस्टल से गोली चलाई थी। सर्वेश ने कनपटी से सटा कर गोली मारी थी। जो सिर में फंस गई।
वहीं, मीरा के माथे से सटा कर सर्वेश ने फायरिंग की थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि सर्वेश और मीरा के बीच हनीमून के समय से ही विवाद शुरू हो गया था। 2021 में परिवार परामर्श कोर्ट के फैसले पर दोनों साथ रहे। लेकिन ज्यादा दिन तक ऐसा नहीं चल सका। विवाद बढ़ने पर मीरा मायके आकर रहने लगी।
मां सरस्वती ने बताया कि मीरा ड्यूटी पर जाते समय बेटी ऋतिका को उसके पास छोड़कर चली जाती थी। जब वह कल्ली पश्चिम ससुराल में रहती थी तो वहां से ऑटो से बच्ची को लेकर आती थी। कार्यालय से वापस आने के बाद बेटी को लेकर ससुराल जाती थी।
यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर एक्सईएन हत्याकांड: 24 घंटे के अन्दर मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए अधिशासी अभियंता के दोनों हत्यारे
