लखनऊ: कार सवार बदमाशों ने युवक को अगवा कर मांगी फिरौती, क्यूआर कोड भेजकर मांगी थी रकम, दो महिला समेत पांच गिरफ्तार,
एस्कार्ट सर्विस से जुड़े गिरोह के दो महिला समेत पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार। ऑन लाइन युवतियों से बात करने और ऑन डिमांड लखनऊ पहुंचाने वाले गिरोह ने शुक्रवार देर रात विकास गौतम (18) को अगवा कर लिया। दो कार से आए पांच बदमाशों ने गोमतीनगर के ग्वारी चौराहे के पास से वारदात को अंजाम दिया। मुक्त करने के लिए 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई।
पुलिस ने शनिवार तड़के इस गिरोह का खुलासा करते हुए दो महिलाओं समेत पांच को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अविनाश व उसका गिरोह लोगों एस्कार्ट सर्विस के तहत डिमांड पर लड़कियों को उनके बताए गए स्थान पर भेजता था।
वीडियो काल पर बात करने और लड़कियों को होटल में बुलाने वाले रुपये नहीं देते तो उनका अपहरण कर लेते थे। इस गिरोह ने ग्वारी चौराहे से शुक्रवार देर रात करीब 11.30 बजे विकास गौतम को अगवा कर लिया। इसके बाद क्यूआर कोड भेजकर युवक की मां से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी।
सीसीटीवी कैमरों से मिली आरोपियों की रूट
एसीपी गोमतीनगर विकास जायसवाल के मुताबिक रात करीब पौने 12 बजे उन्हें सूचना मिली कि ग्वारी चौराहे के पास से दो कार सवार लोगों ने 18 साल के एक युवक का अपहरण कर लिया है।पॉश इलाके से युवक के अपहरण की सूचना मिलने पर एडीसीपी पूर्वी पंकज कुमार सिंह और डीसीपी शशांक सिंह ने तत्काल दो टीमें बनाई । पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए।
10 किमी तक पीछा कर दबोचा
विकास की मां नीलम गौतम की सूचना पर सर्विलांस के जरिए फिरौती मांगने वाले नम्बर को ट्रैक किया गया। एसीपी गोमतीनगर विकास जायसवाल ने बताया कि अपहर्ताओं की लोकेशन लगातार बदल रही थी। ग्वारी गांव से 1090, समता मूलक, सामाजिक परिवर्तन स्थल, पॉलीटेक्निक, निशातगंज चौराहा होते हुए अपहरणकर्ता सीतापुर रोड की तरफ गए थे। करीब 10 किमी तक पुलिस भी पीछा कर सीतापुर रोड फौजी ढाबा के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार में युवक पिछली सीट के बीच में मिला। उसकी रास्ते में पिटाई की गई थी।
बीटेक पास चलाता है गिरोह
एसीपी विकास जायसवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में बाराबंकी का फैसल अली, बरेली के देश दीपक पांडेय, अविनाश मेहरोत्रा, सानिया खान और उड़ीसा की सीमा गोयल हैं। आरोपी अविनाश दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी से बीटेक पास है। फैसल और देश दीपक 12वीं पास है। गिरोह का सरगना अविनाश है।
यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर एक्सईएन हत्याकांड: 24 घंटे के अन्दर मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए अधिशासी अभियंता के दोनों हत्यारे
