लखनऊ: पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस
काकोरी/लखनऊ, अमृत विचार। पारा थाना अंतर्गत हंसखेड़ा न्यू काशीराम कॉलोनी के पास रविवार को बाग में मनीष गौतम (30) का शव पेड़ में फंदे से लटकता मिला। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाए जाने की आशंका जताई है, तो वहीं पुलिस का मनाना है कि युवक ने आत्महत्या की है, जिसको लेकर संशय बरकरार है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की पुष्टि हो सकेगी।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश वर्मा के मुताबिक, न्यू काशीराम कॉलोनी निवासी मनीष महाराष्ट्र में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। पिता छेदीलाल ने बताया कि शनिवार शाम बेटा रक्षाबंधन पर घर आया था। देर रात वह बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों ने खोजबीन की, बावजूद इसके मनीष का कहीं सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह मनीष का शव आम के बाग में फंदे से लटकता मिला। इसके बाद परिजन उसे फंदे से उतार नजदीकी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजनों ने फौरन पुलिस कंट्रोल रुम पर सूचना दी।
पिता छेदीलाल का कहना है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को पेड़ में फंदे से लटका दिया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मजदूर ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। मृतक के पास से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
ये भी पढ़ें- 69000 शिक्षक भर्ती: सुप्रीम कोर्ट जाएंगे अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थी, हाई कोर्ट के निर्णय पर कही यह बड़ी बात
