बरेली : छेड़छाड़ और पोक्सो के दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। आंवला थाना क्षेत्र में दलित किशोरी के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आमिर पुत्र आसिफ और सलीम पुत्र बसीम, निवासी कस्बा व थाना आंवला के रूप में हुई है। इनके पास से दो 315 बोर के तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
मामला एससी/एसटी एक्ट और पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप था कि आमिर, सलीम और उनके तीन अन्य साथी अन्टा उर्फ अरमान पुत्र बाबू, फैजान पुत्र आलम और अकबर उर्फ टैना पुत्र इब्बन अली ने एक दलित किशोरी के साथ छेड़छाड़ की थी। घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ में आमिर और सलीम को गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें स्थानीय सीएससी में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के पास से बरामद तमंचों और कारतूसों के आधार पर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट का भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब फरार अन्य तीन आरोपियों अन्टा उर्फ अरमान, फैजान और अकबर उर्फ टैना की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इन फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
