ICC का चौंकाने वाला फैसला, अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप 2025 में नहीं होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर...जानें शेड्यूल

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

दुबई। मलेशिया की मेजबानी में अगले वर्ष जनवरी में होने वाले अंडर-19 महिला टी-20 विश्वकप में भारत और पाकिस्तान को दो अलग-अलग ग्रुपों में रख गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अंडर-19 महिला टी-20 विश्वकप 2025 के लिये जारी किये गये कार्यक्रम के अनुसार 18 जनवरी 2025 से शुरु हो रहे टूर्नामेंट में 16 टीमों के बीच 41 मैच खेले जायेंगे और टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दो फरवरी होगा। यह टूर्नामेंट मलेशिया के चार शहरों में खेला जाएगा। 

सेलांगोर में बायुमास ओवल ग्रुप ए के सभी मैचों और फाइनल की मेजबानी करेगा। जोहोर का दातो' डॉ. हरजीत सिंह जोहोर क्रिकेट ऐकेडमी ग्रुप बी के मैचों की मेजबानी करेगा। सारावाक का बोर्नियो क्रिकेट ग्राउंड ग्रुप सी मुकाबलों का आयोजन स्थल होगा जबकि सेलांगोर में यूकेएम वाईएसडी ओवल ग्रुप डी के मैच होंगे। समोआ के लिए ये किसी भी आयु वर्ग में यह पहला विश्व कप होगा, जो न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और एक अन्य टीम अफ़्रीका क्वालिफायर के साथ ग्रुप सी में है। ग्रुप बी में इंग्लैंड के साथ पाकिस्तान, आयरलैंड और अमेरिका है। ग्रुप डी में ऑस्ट्रेलिया, बंगलादेश, स्कॉटलैंड और एक एशियाई क्वालीफायर है। मौजूदा चैंपियन भारत के ग्रुप ए में वेस्टइंडीज, श्रीलंका और मेजबान मलेशिया शामिल है। 

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी ज्यॉफ एलार्डिस ने कहा, यह आईसीसी के लिए एक विशेष कार्यक्रम है और महिला क्रिकेट के प्रोफाइल को बढ़ाने और दुनिया भर में खेल को आगे बढ़ाने की हमारी वैश्विक विकास रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह हमारे वैश्विक दर्शकों को भविष्य के सितारों से परिचित कराने का भी एक अनूठा अवसर है। उन्होंने कहा, हम 2023 में दक्षिण अफ्रीका में उद्घाटन टूर्नामेंट में रखी गई नींव की सफलता को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं। हम सभी टीमों को उनकी तैयारी के लिए और मलेशियाई क्रिकेट एसोसिएशन को कार्यक्रम के आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

 उल्लेखनीय है कि इस टूर्नामेंट की मेजबानी मलेशिया और थाईलैंड को करनी थी। लेकिन थाईलैंड मेजबानी से पीछे हट गया है। इसलिए अब अकेले ही मलेशिया इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2008 में मलेशिया ने अंडर-19 पुरुष विश्व कप की भी मेजबानी की थी। 

ये भी पढ़ें : Border–Gavaskar Trophy : नाथन लियोन ने यशस्वी जायसवाल से निपटने के लिए इंग्लैंड के स्पिनर Tom Hartley से मांगे टिप्स  

 

संबंधित समाचार