शाहजहांपुर: पुलिस मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार, लूटा गया माल बरामद
कलान में आठ जून को ज्वैलर्स की दुकान में हुई थी लूट
कलान, अमृत विचार। एसओजी, सर्विलांस व पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कलान में शिव ज्वैलर्स की दुकान में हुई लूट और खुदागंज-जलालपुर रोड पर खाद की दुकान से 80 हजार रुपये चोरी किए जाने की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लुटेरों से लूट का माल, नकदी और असलाह भी बरामद किए हैं।
शनिवार रात एसओजी, सर्विलांस व थाना कलान पुलिस की संयुक्त टीम को चेकिंग के दौरान ग्राम नौगवां मुबारिकपुर से कुछ दूर आगे मिर्जापुर की तरफ से आती हुई एक बाइक दिखाई दी, जिसे टार्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया। पुलिस ने भी रुकने को कहा तो वह बाइक सवार दोनों लोग बाइक मोड़कर वापस जाने लगे।
शक होने पर पुलिस टीम ने दोनों को दौड़ाकर रोकने की कोशिश की, तो भागते समय हड़बड़ाहट लुटेरों की बाइक सड़क किनारे फिसल गई। पुलिस को पीछे आता देखकर दोनों लुटेरे बाइक छोड़कर खेतों की तरफ भागने लगे, तभी एक लुटेरे ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर कर दिया। जिससे पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। तब तक दूसरा व्यक्ति फायर करता रहा। इतने में पुलिस ने दौड़ाकर चारों तरफ से घेरकर दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए लोगों में जलालाबाद के गांव बांसखेड़ा खुर्द निवासी प्रमोद मिश्रा, थाना जलालाबाद के नयागांव महसूल निवासी विवेक गुप्ता शामिल हैं। पकड़े गए लोगों के पास से तीन चेन, चार अंगूठी और 11,500 रुपये नगद , दो तमंचा, चार कारतूस, लूट में प्रयुक्त बाइक ,एक रियलमी मोबाइल बरामद हुआ। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि यह तीनों चेन व चार अंगूठियां हम दोनों ने 8 जून को कलान में शिव ज्वैलर्स से लूटी थी। जिसे बेचने के लिए कंपिल जा रहे थे।
प्रमोद मिश्रा ने अपने पास से बरामद 11500 रुपये के बारे में बताया कि मैंने 24 जुलाई को खुदागंज में जलालपुर रोड पर खाद की दुकान के गल्ले में से 80,000 चुराए थे, बाकी खर्च हो गए। विवेक गुप्ता ने बताया कि मेरे पास मिले 900 रुपये मेरे अपने खर्चे के हैं। जेवरात बिक गया होता तो उसमें से आधा-आधा हिस्सा हम दोनों को मिलता। बाइक के बारे में पूछने पर बताया कि यह बाइक प्रमोद मिश्रा की है लेकिन इसके कागजात नहीं है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर : नेमीशरण सत्संग में जा रहे शिष्यों से भरी पिकअप पलटी, महिला समेत 3 की मौत, 15 घायल
