लखनऊ : प्रदेश कांग्रेस पर प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह का कब्जा, लगे गंभीर आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

देवरिया के कांग्रेस नेता चंद्रेश कुमार सिंह ने लगाया आरोप

राज्य ब्यूरो, लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश कांग्रेस पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह का कब्जा है, इसी कारण प्रदेश कांग्रेस जमीनी स्तर पर मजबूत नहीं हो पा रही है। कुछ नेताओं पर आरोप लगाया गया है कि संगठन में पद देने के नाम पर धनउगाही के साथ ही महिला कार्यकर्ताओं को रात में होटल में रुकने के लिए मजबूर किया जा रहा है।देवरिया के कांग्रेस नेता चंद्रेश कुमार सिंह ने ये गंभीर आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र भेजकर इससे मुक्ति दिलाने की मांग की है।

पन्द्रह अगस्त को भेजे गए पत्र में स्वाधीनता दिवस की बधाई देते हुए कहा गया है कि वर्तमान भारत में राहुल गांधी लोकतंत्र के इकलौते उम्मीद हैं। पूरी दुनिया की निगाह उन पर टिकी है, पर प्रदेश कांग्रेस संगठन में लगातार लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या हो रही है। प्रदेश कार्यालय झूठ, भ्रष्टाचार व दुराचार का अड्डा बन गया है। सभ्य राजनेता लगातार कांग्रेस से दूरियां बनाते जा रहे हैं। आरोप लगाया गया है कि संदीप सिंह ने संगठन में अपने समर्थक लोगों को बैठा रखा है, जो कार्यालय में सिर्फ राजनीतिक साजिश व धनउगाही का काम करते हैं। पत्र में महासचिव संगठन अनिल यादव का नाम लिखा गया है। आरोप है कि पीसीसी में शामिल होने के लिए 12 हजार, एआईसीसी सदस्य के लिए 25 हजार व प्रदेश सचिव का पद 50 हजार में बेचा जा रहा है। पत्र में महिला कार्यकर्ताओं के ‍ शोषण की ओर इशारा किया गया है। कहा गया है कि इसीलिए कांग्रेस प्रदेश में मजबूत जमीन नहीं बना पा रही है। पूर्वजों ने स्वतंत्रता व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपार त्याग व बलिदान दिया है। राहुल स्वयं प्रयासरत हैं। पत्र में संदीप सिंह व उनके लोगों से कांग्रेस को मुक्ति दिलाने की मांग की गई है।

पत्र पर प्रदेश कांग्रेस ने साधी चुप्पी

चंद्रेश कुमार सिंह के पत्र पर प्रदेश कांग्रेस ने चुप्पी साध ली है। कोई भी नेता इस पर बोलने को तैयार नहीं है। कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन डॉ सीपी राय ने कहा कि उन्हें ऐसे किसी पत्र की जानकारी नहीं है।

कार्रवाई नहीं हुई, तो फिर लिखा जाएगा पत्र

चंद्रेश कुमार सिंह का कहना है कि उनके पत्र को कार्यकर्ताओं की ओर से सराहा जा रहा है। इस पत्र पर कार्रवाई नहीं हूुई तो वह दोबारा पत्र लिखेंगे, वैसे उन्हें पूरी आशा है कि राहुल गांधी इस पर ध्यान देंगे।

ये भी पढ़ें- अस्पताल के बिस्तरों के नीचे रखे गए हैं बम..., राजस्थान के कई अस्पतालों को ई मेल के जरिये मिली धमकी

संबंधित समाचार