Avanish Dixit: अवनीश और अधिवक्ता को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी पुलिस...1000 करोड़ की जमीन कब्जे का मामला
सिविल लाइंस में नजूल की जमीन पर कब्जे के प्रयास का मामला
कानपुर, अमृत विचार। पॉश इलाके सिविल लाइंस में मैरी एंड मेरीमैन स्कूल कंपाउंड में कब्जे के प्रयास के मामले में पुलिस अब पूर्व प्रेसक्लब अध्यक्ष अवनीश दीक्षित और अधिवक्ता को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। वहीं श्री आनंदेश्वर एसोसिएट्स के साझीदारों को बयान दर्ज कराने के लिए रविवार को सफीना जारी कर दिया गया है। वहीं मामले के बाद से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से धारा 82 की कार्रवाई के लिए सोमवार को अर्जी दाखिल करेगी।
डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि श्री आनंदेश्वर एसोसिएट्स और हरेन्द्र मसीह की संस्था के बीच हुए लेनदेन और जमीन कब्जाने के मामले में लगभग सभी तथ्य पुलिस के सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक अधिवक्ता के यहां से मामले की शुरुआत हुई थी। इनके अलावा कुछ और सफेदपोश लोगों के नाम अवनीश दीक्षित ने बताए हैं। इन सभी लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आनंदेश्वर एसोसिएट्स के सभी साझेदारों को सफीना जारी किया गया है। अब सभी के बयान दर्ज किए जाएंगे। वहीं अधिवक्ता को अलग से पूछताछ के लिए बुलाया है। अवनीश दीक्षित ने जो जानकारियां दी है। उन जानकारियों के साथ अवनीश दीक्षित और अधिवक्ता का आमना-सामना कराया जाएगा। उस पूछताछ में जो भी तथ्य निकलेंगे उनका सत्यापन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परेशानी के बाद कराया अल्ट्रासाउंड और परीक्षण
डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि अवनीश दीक्षित का रविवार को अल्ट्रासाउंड और मेडिकल परीक्षण कराया गया है। बताया कि एक दिन पूर्व अवनीश दीक्षित की तबियत कुछ बिगड़ गई थी। उसी के रूटीन में इस चेकअप कराया गया।
अंडरग्राउंड हुए आरोपियों को फरार घोषित कराएगी पुलिस
सिविल लाइंस में नजूल की बेशकीमती मैरी एंड मेरीमैन जमीन पर कब्जा करने के प्रयास के मामले में अंडरग्राउंड हुए आरोपियों के खिलाफ पुलिस एक बार फिर कोर्ट जाएगी। नौ आरोपियों पर 25-25 का इनाम भी घोषित किया जा चुका है। सभी के खिलाफ पुलिस कोर्ट में सोमवार को धारा 82 (फरारी) की कार्रवाई के तहत अर्जी दाखिल करेगी।
