Avanish Dixit: केस्को पीएफ घोटाले में अवनीश से आज पूछताछ कर सकती पुलिस...एक फर्म की फाइल लगी हाथ
नाला सफाई का टेंडर लेने वाली और घोटाले में शामिल फर्म का एक निदेशक बेहद करीब
कानपुर, अमृत विचार। नजूल की बेशकीमती जमीन के कब्जे के प्रयास में आरोपी अवनीश दीक्षित से कर्नलगंज पुलिस पूछताछ करेगी। नगर निगम से ठेके लेने वाली एक फर्म की फाइल पुलिस के हाथ लगी है। केस्को पीएफ घोटाले में भी इस फर्म से जुड़े निदेशक का नाम सामने आया था। कुछ अहम बिदुओं को जानने के लिये कर्नलगंज पुलिस सोमवार को अवनीश से पूछताछ कर सकती है।
नगर निगम से नाला सफाई का ठेका लेने वाली फर्म बालाजी मल्टी सर्विसेज से जुड़ी फाइल कर्नलगंज पुलिस को मिली है। सूत्रों ने बताया कि इस फर्म में अवनीश को मिलाकर तीन निदेशक हैं। फर्म की जांच पुलिस कर रही है। इनमें से एक निदेशक की दूसरी फर्म ने केस्को को मैन पावर सप्लाई किया था। बाद में इस फर्म का नाम केस्को के संविदा कर्मियों से जुड़े पीएफ घोटाले में सामने आया। जिसका मुकदमा कर्नलगंज थाने में दर्ज हुआ था।
पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद इस मामले की दोबारा जांच शुरू की गई है। सोमवार को कर्नलगंज पुलिस अवनीश से दो अन्य निदेशकों, उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ कर सकती है। वहीं केस्को घोटाले में शामिल फर्म के निदेशक का एक निदेशक अवनीश का बेहद करीबी है। अवनीश से पूछताछ कर इस निदेशक पर पुलिस जल्द शिकंजा कस सकती है।
