लखीमपुर खीरी : घाघरा की विनाश लीला जारी, 12 से अधिक गांवों पर मंडरा रहे संकट के बादल
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। घाघरा नदी के किनारे बसे धौरहरा तहसील क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। नदी तेजी से कटान कर लहलहाती फसलों समेत खेतों को निगलते हुए तेजी से गांवों की तरफ बढ़ती जा रही है। नदी का रुख और कड़े तेवर देखकर ग्रामीणों में बेचैनी बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि घाघरा नदी ने देवी पुरवा, लालापुर, मोटे बाबा, बगहा, सुजानपुर, माथुरपुर, सहजदिया, गुलरिया तालुके अमेठी आदि गांवों को अपने निशाने पर ले लिया है। इन गांवों के किसानों की सैकड़ो एकड़ कृषि योग्य भूमि फसल समेत घाघरा नदी ने अपनी कोख में समा लिया है। नदी के अब गांवों की तरफ रुख करने से ग्रामीणों के आशियानों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि घाघरा नदी इसी तरह कटान करती रही और जिम्मेदार अधिकारी हाथ पैर हाथ धरे बैठे रहे तो फिर वह दिन भी अब दूर नहीं होंगे जब इन गांवों का वजूद समाप्त हो जाएगा और हजारों परिवार बेघर हो जाएंगे।
