बरेली : शब्बू मियां को लोग हमेशा याद रखेंगे: संतोष गंगवार
शब्बू मियां के निधन पर शोक जताने खानकाह-ए-नियाजिया पहुंचे झारखंड के राज्यपाल
बरेली, अमृत विचार। सूफी विचारधारा से जुड़ी खानकाहे नियाजिया के प्रबंधक सिब्तैन हसन नियाजी उर्फ शब्बू मियां का मंगलवार देर शाम निधन हो गया था। उसके बाद से लगातार खानकाह पहुंचकर हर वर्ग के लोग शोक जताने पहुंच रहे हैं।
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार खानकाह ए नियाजिया पहुंचे। उन्होंने खानकाह ए नियाजिया के सज्जादानसीन हजरत मेहंदी मियां से मुलाकात की और शब्बू मियां के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, बरेली की शख्सियत शब्बू मियां हमारी संस्कृति को अच्छे तरीके से आगे बढ़ा रहे थे। शब्बू मियां को लोग हमेशा याद रखेंगे। वहीं, पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन भी खानकाह-ए-नियाजिया पहुंचे और कहा, शब्बू मियां ने खानकाह की अहम जिम्मेदारी संभालते हुए धर्म, जाति-बिरादरी, ऊंच-नीच और सियासी मतभेद से ऊपर उठकर हर एक को अपनाया और सबके लिए दरवाजे खुले रखे। इस मौके पर खानकाह के कासिम मियां नियाजी और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष परवेज मियां भी मौजूद रहे।
