Kanpur Theft: बंद मकान का ताला तोड़कर चार लाख की चोरी...रक्षाबंधन पर बर्रा गया था परिवार, पुलिस बोली- घटना संदिग्ध
सेन पश्चिम पारा सागरपुरी नई बस्ती की घटना
कानपुर, अमृत विचार। सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र के सागरपुरी नई बस्ती में सोमवार रात चोरों ने लोडर चालक के ताला बंद मकान को निशाना बनाया। मुख्य गेट का ताला तोड़कर घुसे चोर दो लाख की नगदी, जेवरात समेत चार लाख का पार कर ले गए। रक्षाबंधन पर पूरा परिवार बर्रा गया था।
सागरपुरी नई बस्ती निवासी लोडर चालक संतोष अग्निहोत्री सोमवार दोपहर पत्नी माया और बच्चों संग रक्षाबंधन पर बर्रा स्थित ससुराल गए हुए थे। करीब रात एक बजे वह परिवार संग घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो दो कमरों के ताले व अलमारी का लाकर टूटा था।
जिसमें रखी दो लाख की नगदी समेत चार लाख के जेवर चोरी हो गए थे। संतोष ने बताया कि हाल ही में उन्होंने एक लोडर बेचा था। जिसकी बिक्री का रुपया अलमारी के लाकर में रखा था। मंगलवार सुबह उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी गौतम सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
