बरेली: ‘सरकार की आमद मरहबा, रसूल की आमद मरहबा’
बरेली,अमृत विचार। सुन्नी मुसलमानों का सबसे बड़ा त्योहार ईदों की ईद-ईद मिलादुन्नबी की पूर्व संध्या पर पुराने शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया। रास्ते सजे हुए थे। चारों ओर रंग-बिरंगी रोशनी बिखरी थी। अंजुमनें चली आ रही थीं। कोई अरबी तो कोई पठानी वेशभूषा में था। किसी की पगड़ी सफेद, नीली तो किसी की …
बरेली,अमृत विचार। सुन्नी मुसलमानों का सबसे बड़ा त्योहार ईदों की ईद-ईद मिलादुन्नबी की पूर्व संध्या पर पुराने शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया। रास्ते सजे हुए थे। चारों ओर रंग-बिरंगी रोशनी बिखरी थी। अंजुमनें चली आ रही थीं। कोई अरबी तो कोई पठानी वेशभूषा में था। किसी की पगड़ी सफेद, नीली तो किसी की पीली थी। सबकी जुबां पर बोल एक थे-सरकार की आमद मरहबा, रसूल की आमद मरहबा। वे नबी के उम्मती थे और उनकी आमद के जश्न में खुशी से झूम रहे थे।
ईद मिलादुन्नबी की पूर्व संध्या पर गुरुवार को जुलूस ए मोहम्मदी अंजुमन इत्तेहादुल मुस्लिमीन की ओर से निकाला गया। 46वें जुलूस की कयादत खानकाहे तहसीनिया के सज्जादानशीन हस्सान रजा खां ने की। जुलूस का आगाज तिलावते कुरआन से शकील मिस्वाही ने किया। इसमें जुलूस कमेटी ने कमर चिश्ती को परचम देकर रवाना किया। जिसका आगाज मोहल्ला मुन्ना खां के नीम से हुआ।
उसके बाद जुलूस मीरा की पैठ, बुखारपुरा, बजरिया इनायतगंज, रोहली टोला, जगतपुर, हाफिज मियां की मजार से मुड़कर वापस कांकर टोला चौकी के सामने से होता हुआ शहदाना, जगतपुर पहुंचा और यहां स्थित हाफिज मियां की मजार से मुड़कर वापस मुन्ना खां के नीम पहुंचकर खत्म हुआ। जुलूस के कार्यक्रम का संचालन तारिक सईद ने किया।
इस मौके पर नवाब मुजाहिद हसन खां, हाफिज नियाज अहमद, अंजुम शमीम, मो. उस्मान, इकरार अहमद, अनवर हसन, हाजी मो. जफर, डा. एसयू चिश्ती समेत अन्य लोग मौजूद रहे। जुलूस के बाद में देश में अमन चैन और भाईचारे की दुआ की गई।
छतों से बरसे फूल
जुलूस का इस्तकबाल छतों से फूल बरसाकर किया गया। शरीयत के बंधन में बंधी महिलाएं छतों पर दिखाई दीं। जहां से बच्चे जुलूस में शामिल अंजुमनों पर फूल बरसा रहे थे। जुलूस का इस्तकबाल समाज सेवा मंच इत्यादि संगठनों ने कैंप लगाकर किया। कहीं चाय तो कहीं पानी के साथ हलुआ और खीर भी बांटी गई। इसके साथ ही जुलूस में शामिल अंजुमनों के सदस्य नये कपड़ों में दिखे। वाहनों को भी रंगबिरंगे फूलों से सजाया था। इसके लिए फूलों की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ दिखाई दी।
