मुरादाबाद : अंतिम दिन बरेली के देवेश शर्मा बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट, विजेता खिलाड़ियों को डीआईजी ने किया सम्मानित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एथलेटिक्स पुरुष एवं महिला वर्ग में मुरादाबाद की टीमें प्रथम स्थान पर रहीं,

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस लाइन में चल रही बरेली जोन की अंतर जनपदीय साइकिलिंग प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। अंतिम दिन पुरुष एवं महिला वर्ग में मुरादाबाद की एथलेटिक्स टीम ने सर्वाधिक अंक पाकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बरेली के देवेश शर्मा सर्वश्रेष्ठ एथलीट बने हैं। डीआईजी और एसएसपी ने विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सोमवार को पुलिस लाइन में डीआईजी मुनीराज जी और एसएसपी सतपाल अंतिल ने बरेली जोन की 72वीं अंतर जनपदीय एथलेटिक कलस्टर (महिला/पुरुष) एथलेटिक, साइकिलिंग प्रतियोगिता-2024 का फीता काटकर शुभारंभ किया था। प्रतियोगिता में बरेली जोन के मुरादाबाद समेत सभी जिले रामपुर, संभल, बिजनौर अमरोहा, बरेली, बदायूं और पीलीभीत की टीमों ने प्रतिभाग किया। सभी आठ जिलों की कुल 175 खिलाड़ी हिस्सा लिया था। वहीं शाहजहांपुर की टीम इस बार प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकी। अंतिम दिन एथलेटिक्स प्रतियोगिता महिला और पुरुष वर्ग में मुरादाबाद की दोनों टीमें प्रथम स्थान पर रहीं।

 पुरुष वर्ग की टीम ने सर्वाधिक 75 अंक पाकर प्रथम स्थान का गौरव हासिल किया। वहीं महिला वर्ग टीम भी 68 अंक के साथ पहले पायदान पर रही। जबकि प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ एथलीट बरेली के देवेश शर्मा और महिला वर्ग में अमरोहा की मीनू रहीं। अंतिम दिन बुधवार को डीआईजी मुनीराज जी और एसएसपी सतपाल अंतिल ने विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और डीआईजी ने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। समापन समारोह में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी देहात संदीप मीना समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थिति रहे। वहीं करतार सिंह, ललिता चौहान, गौरव कश्यप, पीटीआई सुधीर शर्मा, पीटीआई प्रेम सिंह समेत अन्य ने निर्णायक की भूमिका निभाई।


एथलेटिक्स

  • पुरुष वर्ग- 75 अंक के साथ मुरादाबाद की टीम पहले स्थान पर, बरेली की टीम 44 अंक के साथ दूसरे पायदान पर।
  • महिला वर्ग- 68 अंक के साथ मुरादाबाद की टीम पहले स्थान पर, वहीं बिजनौर की टीम 57 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रही।

साइकिलिंग 

  • पुरुष वर्ग- संभल टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अमरोहा दूसरे स्थान पर रही।
  • महिला वर्ग- मुरादाबाद की टीम पहले स्थान पर रही और रामपुर को टीम को द्वितीय स्थान मिला।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर बैटरी संचालित वाहन सेवा की शुरुआत; 50 रुपये देकर यात्री ले सकेंगे सेवा का लाभ

संबंधित समाचार