मुरादाबाद : दुष्कर्म पीड़िता की फिर बिगड़ी तबीयत, हायर सेंटर रेफर...आरोपियों पर लगेगा गैंगस्टर
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा। ठाकुरद्वारा में एक निजी अस्पताल में नर्स के साथ दुष्कर्म करने वाले चिकित्सक व उसके सहयोगियों पर अब पुलिस गैंगस्टर एक्ट लगाएगी। मामले में मुख्य आरोपी चिकित्सक सहित तीन की गिरफ्तारी और हास्पिटल सील हो चुका है। वहीं पीड़िता के पिता ने मुख्यमंत्री से मामले में न्याय की गुहार लगाई है। वहीं दूसरी ओर दुष्कर्म पीड़िता की गुरुवार को फिर हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे पहले ठाकुरद्वारा सीएचसी में भर्ती कराया। जहां सुधार न होने पर उसे पुलिस ने एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। अब दुष्कर्म पीड़िता की काउंसिलिंग कराई जाएगी। काउंसिलिंग के बाद पीड़िता के कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज होंगे।
डिलारी थानाक्षेत्र की रहने वाली पीड़िता नर्स के पिता ने बताया कि बुधवार को बेटी की हालत बिगड़ने और सांस लेने में परेशानी पर अचानक वह बेहोश हो गई। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची ठाकुरद्वारा पुलिस ने बेहोशी की हालत में उसे उत्तराखंड के काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने जांच के बाद घबराहट से पैनिक अटैक आने की बात कही थी। इसके बाद पीड़िता को डॉक्टरों ने गुरुवार सुबह तड़के घर पर आराम करने की सलाह देकर हास्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया। पीड़िता के पिता ने बताया कि घर पर दोपहर बाद उनकी बेटी की अचानक फिर से तबीयत खराब हो गई।
आनन-फानन में परिजनों के सहयोग से पुलिस ने उसे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। बताया कि दरिंदगी की चलते बेटी की बार-बार तबीयत खराब हो रही है। वह घुटन महसूस कर रही है। वह घटना को याद कर बेचैन हो रही है। उसने खाना पीना भी बंद कर दिया है। अधिकांश समय वह घर में ही कैद रहने लगी थी। वह बार-बार लोकलाज के भय से घर से बाहर कैसे जाएगी इस तरह की बातों को सोचकर परेशान है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि बार-बार हालत खराब होने से पीड़िता की काउंसिलिंग कराएंगे। जिसमें उसकी स्थिति की बारीकी से जांच होगी। पीड़िता की काउंसिलिंग के बाद कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए जाएंगे। वहीं पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने के साथ ही आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने की तैयारी कर ली है। आरोपी डॉक्टर शहनवाज, नर्स व वॉर्ड ब्वॉय को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। तीन दिन बाद फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी।
आरोपियों की सीज हो सकती है संपत्ति
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया है कि दुष्कर्म पीड़िता के आरोपियों पर गैंगस्टर लगाएंगे। एसपी ग्रामीण फाइल बनाकर उनके सामने लाएंगे। इसके बाद जिलाधिकारी के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद पुलिस आरोपियों का गैंगचार्ट बनाकर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करेगी। वहीं पुलिस आरोपियों की संपत्ति सीज करने की भी तैयारी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांगा इंसाफ
पीड़िता के पिता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगाई है। उन्होंने तीनों आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। ठाकुरद्वारा स्थित एबीएम हॉस्पिटल के डॉक्टर शहनवाज ने वार्ड ब्वॉय जुनैद और नर्स मेहनाज के सहयोग से नर्स के साथ दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं बुधवार को मामले में समझौता के लिए बाइक पर सवार दो लोग पीड़िता के घर पहुंचे थे। पीड़िता के पिता ने जैसी ही जेब से मोबाइल निकाला। इसके बाद वह वहां से भाग गए। पीड़िता के पिता की शिकायत के बाद उसके घर पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें :
Moradabad: नर्स के साथ दरिंदगी करने वाले डॉक्टर के अस्पताल का पंजीकरण निरस्त
