बदायूं: पैसे के लेन देन में गला दबाकर फंदे पर लटकाया था शव, एक आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

अप्रैल में दो लोगों ने घटना को दिया था अंजाम, एक आरोपी अब भी फरार

उसावां, अमृत विचार। अप्रैल महीने में उसावां क्षेत्र के गांव निवासी बुजुर्ग की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारोपियों ने शव फंदे पर लटका दिया था। जांच के दौरान दो आरोपियों के नाम सामने आए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसने अपने जुर्म का इकबाल कर लिया है। उसके साथी की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि रुपयों के लेन देन में हत्या को अंजाम दिया गया था। 


उसावां थाना क्षेत्र के गांव गौंतरा पट्टी भौनी निवासी सतीश (50) पुत्र सोहन पाल की किसी ने 22 अप्रैल 2024 को गला दबाकर हत्या कर दी थी। आत्महत्या दर्शाने को शव फंदे पर लटका दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। परिजन और ग्रामीणों से जानकारी की। हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू की थी। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने खुलासे के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया था। जांच के बाद हत्याकांड में सतीश के गांव निवासी संजय पुत्र रामपाल और आछू पुत्र धनपाल के नाम सामने आए। गुरुवार को पुलिस ने संजय को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल किया। बताया कि उसके सतीश पर बहुत रुपये थे। रुपये के लिए वह टालमटोल करता रहता था। जिसके चलते संजय ने आवेश में आकर आछू के साथ मिलकर सतीश का गला दबा दिया था। जिससे सतीश की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मान बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबिल अवधेश कुमार व राकेश कुमार, कांस्टेबिल विवेक कुमार रहे।

संबंधित समाचार