गोंडा: महिला कोच में अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे थे 26 यात्री, आरपीएफ ने पकड़ा
रेलवे की विशेष अदालत ने यात्रियों पर लगाया जुर्माना
गोंडा, अमृत विचार। महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में अनाधिकृत रूप से यात्रा करना 26 यात्रियों को भारी पड़ गया। जांच के दौरान आरपीएफ ने सभी को पकड़ लिया और उनका चालान कर न्यायालय अपर मुख्य दंडाधिकारी रेलवे विशेष के न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां कोर्ट ने सभी यात्रियों को फटकार लगाते हुए जुर्माना वसूलने का आदेश दिया।
महिलाओं की सुरक्षित यात्रा को लेकर रेलवे ने सुरक्षा के कई कदम उठाए हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए रेलवे ने सादे कपड़ों में पुरुष और महिला स्टाफ तैनात किया है और स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले अपराधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में पुरुष यात्रियों के घुसने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। रेलवे बोर्ड ने आरपीएफ को महिला कोच की सतत निगरानी करने और अनाधिकृत रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों की धरपकड़ का निर्देश भी दिया है। रेलवे बोर्ड के निर्देश के क्रम में आरपीएफ ट्रेनों में सघन जांच अभियान चला रही है।
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक महेंद्रपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को सूचना मिली थी कि गोरखपुर से पनवेल जा रही रही 15065 गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस में महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में कुछ लोग अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे हैं। इस सूचना पर आरपीएफ की टीम वे ट्रेन के गोंडा पहुंचने पर महिला आरक्षित कोच की जांच की तो 26 यात्री अनाधिकृत रूप से यात्रा करते पकड़े गए। सभी यात्रियों को ट्रेन से उतारकर न्यायालय अपर मुख्य दंडाधिकारी रेलवे विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां कोर्ट ने सभी को जुर्माने की सजा सुनाई।
ये भी पढ़ें- गोंडा: भैंस चराने गई युवती फिसलकर तालाब में गिरी, डूबकर मौत...SDRF ने रेस्क्यू कर बरामद किया शव
