लखीमपुर खीरी: मेडिकल कॉलेज के निर्माण को जांचने पहुंचीं डीएम, सैंपल भरवाए
ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण की धीमी गति पर जमकर फटकारा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल ब्लाक और ट्रांजिट हास्टल भवन के निर्माण कार्य को जांचने शुक्रवार को जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ट्रांजिट हास्टल के निर्माण की धीमी गति पर निर्माण एजेंसी के अभियंताओं को जमकर फटकरा।
डीएम ने सबसे पहले निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल ब्लाक परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। जहां उन्होंने मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य व गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। निर्देशित किया कि मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य समयबद्ध व गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इस दौरान डीएम ने व्यू कटर थ्री-डी माडल से मेडिकल कॉलेज की संरचना समझी। उन्होंने प्रथम तल पर निर्मित वार्ड रूम की लंबाई, चौड़ाई एवं ऊंचाई की माप कराई और अभिलेखों में मंजूर माप से क्रॉस चेक किया। डीएम ने एएसी ब्लॉक, ईंट और सीमेंट की जांच के लिए सैंपल भी करवाया। मौजूद अफसरों से नक्शे पर फ्लोर प्लान भी देखा। डीएम के पूछने पर कार्यदाई संस्था पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड प्रथम लखनऊ के ईई ने बताया कि हॉस्पिटल ब्लाक में 58.98 प्रतिशत काम हुआ है। युद्धस्तर पर काम जारी रखते हुए पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण की धीमी प्रगति पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर कर फटकार लगाई। कहा कि गत डेढ़ वर्ष में हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण 58.98 फीसदी हुआ, तो नवंबर तक कार्य को कैसे पूरा कराएंगे ? इस संबंध में उन्होंने विशेष प्रयास कर निर्माण कार्य मिशन मोड में तय समय में हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, सीएमएस डॉ. ज्योति मल्होत्रा, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड प्रथम पीडब्ल्यूडी लखनऊ के ईई अशोककुमार, प्रोजेक्ट इंजीनियर डीडीएफ अनिरुद्ध मौर्य, प्रोजेक्ट मैनेजर एनकेजी इंफ्रा पवन पांडे, ईई अनिल कुमार यादव, डीएसटीओ अरविंद कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
डीएम ने कहा- 15 अक्टूबर तक पूर्ण करें निर्माण
मेडिकल कॉलेज भवन के बाद डीएम ने ट्रांजिट हास्टल भवन का निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच के लिए उपयोग में लाई गई सीमेंट, ईट आदि निर्माण सामग्री का सैंपल भरवाया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि 16 आवासों (तृतीय तल) के स्लैब का कार्य पूर्ण हैं। चिनाई, प्लास्टर, खिड़की एवं फर्श का कार्य प्रगति पर है। सभी तलों के स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण है। भवन के सभी तलों के आन्तरिक सतहों के प्लास्टर का कार्य पूर्ण एवं बाहरी साइड की प्लास्टर का कार्य प्रगति में मिला। भूतल की फर्श का कार्य पूर्ण है और शेष तलों में फर्श का कार्य प्रगति में है। भवन के तलों पर वाल पुट्टी का कार्य, दरवाजे, खिड़कियों का कार्य प्रगति में है। वहीं कार्य पूर्ण करने में देरी पर ठेकेदार के अनुबंध पर तीन लाख रुपये की एलडी के रूप में पेनाल्टी लगाई है।
