एक दिवसीय वृहद रोजगार मेला में 27 को आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

100 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधि लेंगे साक्षात्कार, चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथि के हाथों मिलेगा नियुक्ति पत्र

जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल आर्यभट्ट इंटरनेशनल स्कूल परिसर में निरीक्षण कर देखी तैयारी

मुरादाबाद, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 अगस्त को मुरादाबाद के रामपुर रोड स्थित आर्यभट्ट इंटरनेशनल स्कूल परिसर में व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग की ओर से आयोजित वृहद रोजगार मेला व नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में आएंगे। वह रोजगार मेले में साक्षात्कार के बाद चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। इसमें 10,000 से अधिक टेक्निकल व नॉन टेक्निकल पदों के अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुज सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव व अन्य अधिकारियों के साथ आर्यभट्ट इंटरनेशनल स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर लगे स्टालों पर सुरक्षा व अग्नि सुरक्षा आदि का पूरा प्रबंध रहे। अतिथियों के बैठने और अन्य व्यवस्था में कोई कमी न रहे। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के लिए निर्धारित स्थल, नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड स्थल सहित पूरे मार्ग का भ्रमण किया। उन्होंने अधिकारियों को सुविधा और सुरक्षा के दृष्टिकोण से जरूरी कार्य कराने के लिए निर्देश दिया।

कौशल विकास मिशन एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा संयुक्त रूप से आर्यभट्ट इंटरनेशनल स्कूल रामपुर रोड परिसर में आयोजित इस एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले में 50 से अधिक कम्पनियां आएंगी। जिनके द्वारा लगभग 10,000 टेक्निकल और नॉन टेक्निकल पदों के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा। सहायक निदेशक सेवायोजन ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी विभाग द्वारा निर्धारित क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं या अपना सम्पूर्ण बायोडाटा दो प्रतियों में (हस्तलिखित अथवा टंकित), समस्त मूल प्रमाण-पत्र (छायाप्रति दो सेट में) व दो रंगीन फोटो सहित रोजगार मेले में बने पंजीयन काउन्टर पर उपस्थिति दर्ज कराते हुए रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन गुलाब चंद्र, नगर मजिस्ट्रेट किंशुक श्रीवास्तव सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- अदालत का फैसला : विवाहिता की हत्या में पति व सास ससुर को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा

संबंधित समाचार