कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में पहले दिन 26 केंद्रों पर हुई पुलिस भर्ती परीक्षा
पहली पाली में 11712 में से 8761 रहे उपस्थित, 2951 ने छोड़ी परीक्षा, जबकि दूसरी पाली में 8973 ने परीक्षा दी, 2739 रहे अनुपस्थित
डीआईजी मुनिराज जी, जिलाधिकारी अनुज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल व अन्य अधिकारियों ने किया केंद्रों का निरीक्षण
मुरादाबाद, अमृत विचार: पुलिस भर्ती परीक्षा शुक्रवार को पहले दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो पालियों में कराई गई। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाकर फूलप्रूफ व्यवस्था की गई। डीआईजी मुनिराज जी, जिलाधिकारी अनुज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने केंद्रों का निरीक्षण किया। शुचिता बनाए रखने का निर्देश दिया। पहली पाली में पंजीकृत 11712 अभ्यर्थियों में से 8761 उपस्थित रहे, जबकि 2951 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में 8973 ने परीक्षा दी और 2739 अनुपस्थित रहे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 26 केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा की पहली पाली शुक्रवार को सुबह 10 बजे से शुरू हुई। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंच कर व्यवस्था की निगरानी की। जिलाधिकारी अनुज सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने महानगर के कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर इंतजाम देखे और परीक्षा की शुचिता बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा कराने का निर्देश केंद्र व्यवस्थापकों और स्थानीय अधिकारियों को दिए। प्रशासन की ओर से नोडल अपर जिलाधिकारी नगर ज्योति सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट किंशुक श्रीवास्तव आदि प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का भ्रमण कर नकल विहीन, शांतिपूर्ण परीक्षा कराने में जुटे रहे।
अपर जिलाधिकारी नगर ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से 26 केंद्रों पर हुई है। पहले दिन दोनों पालियों में 11712-11712 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। जिसमें से पहली पाली में 8761 ने परीक्षा दी जबकि 2951 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली में 8973 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 2739 अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी दूसरे दिन इन केंद्रों पर परीक्षा होगी।
यह भी पढ़ें- अदालत का फैसला : विवाहिता की हत्या में पति व सास ससुर को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा
