कासगंज: शौचालय का छज्जा गिरने से महिला की मलबे में दबकर मौत
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
कासगंज, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नमैनी में शनिवार की दोपहर शौचालय का छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। रास्ते से गुजर रही महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना को लेकर महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव नमैनी निवासी योगेश पुत्र बाबूराम का शौचालय रास्ते के किनारे बना हुआ था। शनिवार की दोपहर को रास्ते से गुजर रही 48 वर्षीय कल्पना पत्नी ओमप्रकाश के ऊपर शौचालय का छज्जा अचानक तेज आवाज के साथ भर भरा कर गिर पड़ा। छज्जा गिरने के बाद तमाम ग्रामीण एकत्रित हो गए। मलबे को हटाकर कल्पना को बाहर निकला, तब तक काफी देर हो चुकी थी। महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना को लेकर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनका रो रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि शौचालय का छज्जा गिरने से मलबे में दबकर एक महिला की मौत हुई है। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। शासन से मिलने वाली सहायता राशि मृतका के परिजनों को दिलाई जाएगी।
