लखनऊ: सिटी बस के संविदा कर्मियों ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
लखनऊ, अमृत विचार। सिटी बस के चालकों परिचालकों को कई महीने से वेतन नहीं मिला है। इस बात से नाराज संविदा कर्मियों ने कार्य बहिष्कार की धमकी दी है। सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी को सौंपे गए नोटिस में 31 अक्टूबर को बकाया वेतन कर्मियों के बैंक खाते में नहीं पहुंचता है तो एक नवंबर से …
लखनऊ, अमृत विचार। सिटी बस के चालकों परिचालकों को कई महीने से वेतन नहीं मिला है। इस बात से नाराज संविदा कर्मियों ने कार्य बहिष्कार की धमकी दी है। सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी को सौंपे गए नोटिस में 31 अक्टूबर को बकाया वेतन कर्मियों के बैंक खाते में नहीं पहुंचता है तो एक नवंबर से सिटी बसों का संचालन ठप करने की चेतावनी दी है।
लॉकडाउन के बाद से संविदा चालक परिचालकों के वेतन भुगतान में लापरवाही बरती जा रही है। गोमतीनगर और दुबग्गा डिपो में तैनात करीब एक हजार कर्मचारी वेतन को लेकर परेशान हैं। कई बार एमडी से मिले पर, आश्वासन मिलने के बावजूद वेतन का भुगतान तय समय से नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में संविदा कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष राजकमल सिंह ने एमडी को नोटिस दिया है।
32 रूटों पर चक्का जाम से सिटी बसें होंगी प्रभावित
वर्तमान में करीब 120 सीएनजी और 40 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा है। ये सिटी बसें शहर के 32 मार्गों पर चल रही हैं। इन बसों से रोजाना 18 हजार के करीब यात्री सफर कर रहे हैं। एक नवंबर से नगर बसों का चक्का जाम हुआ तो हजारों दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी।
सोमवार तक मिल जाएगा वेतन: एमडी
सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी आरके मंडल बताते हैं कि वेतन भुगतान में कुछ दिक्कतें आ गई हैं। इस बात से चालक परिचालक नाराज हैं। नगरीय परिवहन निदेशालय से बातचीत चल रही है। उम्मीद है कि सोमवार को वेतन से संबंधित धनराशि आ जाए। ऐसे में सिटी बसों का चक्का जाम नहीं होगा।
