लापरवाही पर क्राइम इंस्पेक्टर व चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर, फरियादियों की समस्या न सुनने पर एसपी ने की कार्रवाई
गोंडा, अमृत विचार: जन शिकायतों के विस्तारण में लापरवाही बरतने और फरियादियों पर रौब जमाने के मामले को लेकर एसपी विनीत जायसवाल ने बुधवार को करनैलगंज कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर शंभू सिंह व बालपुर चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया है।
करनैलगंज के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक क्राइम शंभू सिंह व बालपुर चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय की लगातार शिकायत एसपी को मिल रही थी। दोनों पुलिस कर्मियों पर जन समस्याओं के निस्तारण में शिथिलता बरतने और फरियादियों से रूखा व्यवहार करने का आरोप लग रहा था। एसपी ने कई बार दोनों को कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी थी लेकिन दोनों ने अपना रवैया नहीं बदला। दोनो पुलिसकर्मी एसपी के आदेशों को दरकिनार कर रहे थे। इसको लेकर एसपी ने नाराजगी जाहिर की थी। अगस्त महीने में लगातर पड़ रहे त्योहारों के चलते कार्रवाई नहीं हो रही थी। लेकिन जन्माष्टमी का पर्व बीतने के साथ ही अब एसपी का चाबुक चलना शुरू हो गया है।
बुधवार को एसपी विनीत जायसवाल ने अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक क्राइम शंभू सिंह व बालपुर चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मी सजग हो जाएं। शिकायत मिली तो उन्हे बख्शा नहीं जायेगा।
कई अन्य पुलिसकर्मी भी एसपी के निशाने पर
करनैलगंज व बालपुर चौरी प्रभारी को लाइन हाजिर कर एसपी ने लापरवाह पुलिस कर्मियों को चेतावनी दे दी है। माना जा रहा है कि अभी कई अन्य पुलिसकर्मी भी एसपी के निशाने पर हैं। इसमें कई थानों के प्रभारी भी शामिल हैं। जिले पर पहुंच रही शिकायतों का परीक्षण किया जा रहा है। जल्द ही कई अन्य पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
यह भी पढ़ें- आठ रेलवे स्टेशन के नाम बदलने से जगी आस : बुढ़वल स्टेशन को श्री लोधेश्वर महादेवा जंक्शन करने की उठ चुकी है मांग
