सुलतानपुर: दिनदहाड़े युवक को गोली मारने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार, हथियार बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पकड़े गए तीन अभियुक्तों पर दर्ज है गंभीर अपराध, एक पर हो चुकी है गैंगस्टर की कार्रवाई

सुलतानपुर , अमृत विचार। चार दिन पहले जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरी बाजार में सामान लेने गए युवक पर फायरिंग के आरोपी सगे भाईयों समेत चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें अदालत के जरिए जेल भेज दिया है। 

गुरुवार की रात जयसिंहपुर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक अवीनाश चन्द्र व धर्मेन्द्र कुमार मिश्रा हमराही सिपाहियों के साथ क्षेत्र में थे। तभी मुखबिर की सूचना पर सेमरी के अनमोल ढाबा से रात्रि करीब साढ़े 10 बजे दिनदहाड़े गोली चलाने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की शिनाख्त आदित्य सिंह उर्फ मार्शल व आदर्श सिंह उर्फ बादल निवासी कारेबन (सगे भाई), रवि यादव उर्फ सत्या उर्फ सत्य प्रकाश यादव निवासी कारेबन (मुरार का पुरवा), पुष्पेन्द्र दुबे उर्फ बाबा निवासी चांदपुर थाना जयसिंहपुर के रूप में हुई है। 

पूछताछ के दौरान  घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल देशी 32 बोर व एक जिन्दा कारतूस 32 बोर बरामद हुआ। पकड़े गए आदर्श सिंह उर्फ बादल व उसके भाई आदित्य उर्फ मार्शल पर जयसिंहपुर कोतवाली में पहले से आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं पुष्पेन्द्र दूबे पर भी गम्भीर धाराओं में केस दर्ज होने के साथ उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम की भी कार्रवाई की गई थी। जयसिंहपुर कोतवाल अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते उक्त लोगों ने युवक को गोली मारी थी। न्यायालय भेजा गया था, जहां से उन्हें जेल भेजने की कार्यवाही हुई है।

ये भी पढ़ें- सुलतानपुर : स्टेराड में उतरे करंट की चपेट में आकर शिवभक्त की मौत 

संबंधित समाचार