मुरादाबाद: आईपीएल में सट्टा लगाने वाले चार गिरफ्तार
मुरादाबाद,अमृत विचार। आईपीएल मैच में सट्टा लगाने के अवैध कारोबार का फिर खुलासा हुआ है। इस बार पाकबड़ा पुलिस ने मैच में सट्टा लगा रहे चार सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया, हालांकि मास्टर माइंड समेत दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हैरानी की बात यह है कि यह कारोबार थाने से कुछ दूरी …
मुरादाबाद,अमृत विचार। आईपीएल मैच में सट्टा लगाने के अवैध कारोबार का फिर खुलासा हुआ है। इस बार पाकबड़ा पुलिस ने मैच में सट्टा लगा रहे चार सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया, हालांकि मास्टर माइंड समेत दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हैरानी की बात यह है कि यह कारोबार थाने से कुछ दूरी पर एक मकान में चल रहा था। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल, एलईडी और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद उन्होंने कबूल किया है कि रोजाना ढाई से तीन लाख का टर्नओवर होता है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया है।
हर साल आईपीएल मैच के दौरान करोड़ों रुपये का सट्टा लगता है। मैच के टास से लेकर आखिरी ओवर तक यह अवैध कारोबार होता है। हर साल इसका खुलासा होता है लेकिन पुलिस शिकंजा नहीं कस पा रही है। शुक्रवार की रात फिर इस गोरखधंधे का खुलासा हुआ। शुक्रवार की रात पाकबड़ा पुलिस को सूचना मिली कि कस्बा निवासी नरेश सक्सेना के मकान में कुछ लोग सट्टा लगा रहे हैं। जिस पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो वहां पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से चार सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने एक एलईडी, नौ मोबाइल फोन और 7200 रुपए बरामद कर लिए।
रोजाना दो से ढाई लाख का होता है टर्नओवर
खुलासा करते हुए सीओ हाईवे अनिल कुमार यादव ने बताया कि सम्भल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के मोहल्ला नया बाजार निवासी हेमंत, अंकित कुमार, पंकज विश्नोई और पुष्पेंद्र सिंह हैं। जबकि इसके मास्टर माइंड बहजोई निवासी टिंकू सेठ व पाकबड़ा निवासी नरेश सक्सेना है। पूछताछ में चारों ने बताया कि वह लोग टिंकू सेठ के संपर्क में थे। उसने ही पाकबड़ा में किराए का मकान दिलवाया था। पकड़े गए आरोपी पंकज व पुष्पेंद्र का काम था कि हर सट्टा पर्ची को रजिस्टर में दर्ज करना। जबकि हेमंत और अंकित फोन पर सट्टा खेलने वाले और बुकी के संपर्क में रहते थे। इनका रोजाना का टर्नओवर दो से ढाई लाख रुपए तक का होता था। सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
आनलाइन खाते में भेजते थे पैसा
खुलासा करते हुए सीओ हाईवे अनिल कुमार ने बताया कि चारो प्रोफेशनल सटोरिए है। खासतौर पर आईपीएल व अन्य मैचों के दौरान यह सक्रिय हो जाते हैं। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए यह लोग नगद भुगतान से परहेज करते हैं। दिल्ली में बैठे बुकी द्वारा भाव मिलने के बाद यह लोग एक्टिव हो जाते हैं। सट्टा लगाने वालों से यह लोग टिंकू सेठ के एकाउंट में रकम मंगवाते थे। बाद में हार-जीत की सभी रकम का भुगतान एकाउंट के जरिए आनलाइन ही किया जाता था। यह वजह रही कि खुलासे के दौरान बड़ी रकम बरामद नहीं हो सकी।
पूरे मंडल में चला रहा है सट्टे का कारोबार
मास्टरमाइंड टिंकू सेठ का यह अवैध कारोबार पूरे मंडल में फैला हुआ है। जिसे वह सम्भल में बैठकर चलाता था। सीओ हाईवे के अनुसार पाकबड़ा के अलावा वह सम्भल, बहजोई व अमरोहा समेत कई स्थानों पर ऐसे ही किराए के मकानों पर अपना कारोबार चला रहा है। सट्टा खिलवाने के लिए उसने कुछ इस गोरखधंधे के जानकारों को भी अपने साथ जोड़ रखा है। जिनको वह हर मैच के हिसाब से भुगतान करता है। यह लोग रकम संबंधी पूरी जानकारी टिंकू को देते हैं, उसके हिसाब से आनलाइन भुगतान किया जाता है। उन्होंने बताया कि टिंकू व नरेश की गिरफ्तारी के बाद पूरे रैकेट का खुलासा हो जाएगा।
