शाहजहांपुर: रेप पीड़िता और उसकी मां को गाड़ी से कुचलवाने की धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीड़िता का आरोप, समझौता करने का दबाव बना रहे आरोपी

जलालाबाद, अमृत विचार। दुष्कर्म पीड़िता और उसकी मां को आरोपियों ने समझौता नहीं करने पर गाड़ी से कुचलवाने की धमकी दी है। पीड़िता की मां ने इस आशय की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।

थाना कांट क्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा महिला की नाबालिग पुत्री के साथ गांव के ही युवक शैलेंद्र उर्फ शैलू ने चार माह पहले दुष्कर्म किया था। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उसे कोर्ट का सहारा लेना पड़ा था। इस पर पुलिस ने घटना के दो माह बाद कोर्ट के आदेश पर पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी। पीड़िता की मां ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अब आरोपी समझौते का दबाव बना रहे हैं। आरोप लगाया कि आरोपी शैलेंद्र और उसके परिवार के सोनू, अजय, पुत्तू, देवकीनंदन ने पांच सितम्बर की रात लगभग 10 बजे  गालिंया दी और कहा कि तुझे गाड़ी से कुचलावा देगें। मेरा कुछ नहीं होगा।आरोपी पीड़ित महिला व उसकी बेटी पर मुकदमे में समझौता का दबाव बना रहे हैं। दबाव के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। आरोपी आए दिन जान से मारने की धमकी देते है। पीड़िता ने बताया कि उसे व उसकी बेटी को जान माल का खतरा बना हुआ है, किसी भी समय कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

संबंधित समाचार