बरेली: जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने के बहाने चपरासी ने तीन लाख ठगे 

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

चपरासी ने खुद को बाबू बताकर युवती को लिया झांसे में

बरेली, अमृत विचार : जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने के बहाने चपरासी ने युवती से तीन लाख रुपये ठग लिए। उसने खुद को बाबू बताया था। नौकरी न लगने पर जब युवती ने पैसे वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दी। थाना बारादरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

खुर्रम गौंटिया निवासी शिवानी ने बताया कि वर्ष 2022 में उनकी जान पहचान जिला अस्पताल में तैनात अभिषेक सक्सेना से हुई थी। अभिषेक ने बताया कि वह अस्पताल में बाबू है और वह नर्सिंग स्टॉफ में नौकरी लगवा देगा। भरोसा करके उन्होंने अभिषेक को 1.60 लाख रुपये नकद और 1.40 लाख रुपये ऑनलाइन भुगतान किया। रुपये लेने के कई माह बाद जब नौकरी नहीं लगी, तब अभिषेक से जानकारी की, लेकिन वह बहाना बनाकर टालता रहा। पैसे वापस मांगने पर अभिषेक ने धमकाया कहा कि शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। उसने जिला अस्पताल में अभिषेक के संबंध में जानकारी की तो पता चला कि वह बाबू नहीं बल्कि चपरासी है। आरोपी खुद को क्लर्क बताकर लोगों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करता है। शिकायत पर बारादरी पुलिस ने आरोपी अभिषेक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

संबंधित समाचार